गंगा सप्तमी पर डीएम ने परिवार संग राजघाट पर की महाआरती
Sambhal News - गंगा सप्तमी के पावन पर्व पर राजघाट स्थित बबराला गंगा घाट पर महाआरती का आयोजन हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और घाट को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। जिलाधिकारी ने गंगा पूजन किया। भंडारे का...

गंगा सप्तमी के पावन पर्व पर शनिवार को राजघाट स्थित बबराला गंगा घाट पर श्रद्धा और भक्ति से सराबोर वातावरण में गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। सैकड़ों श्रद्धालु महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने गंगा मैया की आरती में भाग लिया। महाआरती शाम 7:20 बजे शुरू हुई। आरती में दीपों की सामूहिक प्रवाहित क्रिया से पूरी गंगा जलधारा प्रकाशमय हो उठी। गंगा मैया की जय के जयकारों से घाट गुंजायमान हो गया। विद्याकुंज इंटरनेशनल स्कूल, बबराला के बच्चों द्वारा रंगोली बनाई गई। घाट को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक लाइटों से सजाया गया था। जिलाधिकारी राजेन्द्र पेसिया ने अपने माता-पिता के साथ विधिपूर्वक गंगा पूजन किया और आरती में भाग लिया।
गंगा स्नान के लिए चंदौसी, बहजोई, डिबाई समेत आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित रखने और नदी में सुरक्षा हेतु घाट पर नावों और मल्लाहों की व्यवस्था की गई थी। माँ गंगा जनकल्याण समिति, स्थानीय व्यापारियों और समाजसेवियों द्वारा घाट की धर्मशालाओं में भंडारे का आयोजन किया गया। प्रसाद वितरण में पूर्व चेयरमैन लता कुमारी, मनीषा, मोहरपाल, महेंद्र, राकेश, डीपी गुप्ता, सतेंद्र, भगवान सिंह, विजय कुमार, डिम्पल, लकी वार्ष्णेय, नितिन आदि की उपस्थिति रही। घाट पर लगे मेले में महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की। विभिन्न प्रकार की दुकानों और झूलों ने मेले को आकर्षक और जीवंत बना दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।