प्रज्ञा अभियान से छात्राओं की राह होगी आसान, पढ़ाई व रोजगार में नहीं होगी परेशानी
Sambhal News - माध्यमिक स्कूलों में प्रज्ञा अभियान की शुरुआत की गई है, जिसमें छात्राओं को रोजगार परक शिक्षा और मार्गदर्शन दिया जाएगा। प्रज्ञा क्लब का गठन किया जाएगा, जिसमें छात्राओं की रुचि के अनुसार काउंसलिंग की...

माध्यमिक स्कूलों में प्रज्ञा अभियान शुरू कर छात्राओं को रोजगार परक बनाया जाएगा। विद्यालयों में प्रज्ञा क्लब का गठन होगा। इसके तहत छात्राओं की काउंसलिंग कर उन्हें उनकी रुचि के क्षेत्र में कक्षा छह से ही विशेष गाइडेंस की व्यवस्था की जाएगी। जिससे आगे चलकर छात्राओं की राह आसान होगी और छात्राओं को पढ़ाई व रोजगार के लिए परेशानी नहीं होगी। छात्राओं की शिक्षा को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रज्ञा क्लब का गठन किया जाएगा। इसमें बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण से जुड़े सभी विभाग शामिल होंगे। विद्यालय में प्रधानाचार्य अध्यक्ष के रूप में नेतृत्व करेंगे। वहीं सदस्य के रूप में विज्ञान शिक्षक, गणित, कला व सामाजिक विज्ञान, खेल शिक्षक, गैर सरकारी संस्था की ओर से नामित सदस्य, कौशल विकास मिशन के सदस्य, कॅरिअर काउंसलर, सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के सदस्य समेत महिला पुलिस को शामिल किया जाएगा।
प्रज्ञा क्लब के माध्यम से छात्राओं को उनकी रुचि के मुताबिक चयनित कॅरिअर के क्षेत्र में मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और प्रतिभाग करने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। डीआईओएस श्यामा कुमार ने बताया कि प्रज्ञा क्लब का गठन करने के लिए माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों को पत्र लिखा गया है। विद्यालयों में बालिकाओं की रुचि का आंकलन कर उसी के अनुरूप उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक मार्गदर्शन उन्हें उपलब्ध कराया जाएगा। जिला स्तर पर डीएम, सीडीओ करेंगे नेतृत्व जिला स्तरीय प्रज्ञा समिति में अध्यक्ष के रूप में डीएम व उपाध्यक्ष सीडीओ को नामित किया गया है। वहीं, सदस्य के रूप में पुलिस अधीक्षक की ओर से नामित सदस्य, जिला प्रोबेशन अधिकारी सदस्य सचिव होंगे। इसके अलावा आईटीआई प्राचार्य, गैर सरकारी संगठन, उद्योग क्षेत्र सदस्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सदस्य के रूप में रहेंगे। जिला समिति तीन माह में बैठक कर विद्यालयों में गठित प्रज्ञा क्लबों की गतिविधियों की समीक्षा करेगी और समय-समय अच्छा कार्य करे वाले क्लबों को पुरस्कृत भी करेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।