चाकू से कई वार कर दोस्त की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Sonbhadra News - सोनभद्र के डुमरिया गांव में एक दोस्त ने किशोर करमचंद की चाकू से हत्या कर दी। हत्या का कारण करमचंद का आरोपी के चचेरी बहन से छेड़खानी करना था। पुलिस ने आरोपी विजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में...
सोनभद्र, संवाददाता। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के चरका कला टोला में गुरुवार की रात एक दोस्त ने चाकू से कई वार कर किशोर की हत्या कर दी। चचेरी बहन से छेड़खानी करने पर घटना को अंजाम दिया। जानकारी के बाद रात में पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डुमरिया गांव के चरका कला टोला निवासी 17 वर्षीय करमचंद उर्फ छोटू बिंद को गुरुवार की रात गांव के ही उसके दोस्त विजय उर्फ अर्जुन चौहान ने फोन करके एक जगह बुलाया। इसके बाद दोनों साथ में ही गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर पथरहिया चुआड़ बंधी के पास चले गए। वहां पहुंचने पर बातचीत के कुछ देर बाद करमचंद के ऊपर विजय ने चाकू से कई बार हमला कर दिया। पेट, सिर और कमर पर कई बार होने के चलते करमचंद की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उधर काफी देर रात किशोर के घर नहीं आने पर परिजन खोजबीन करने लगे। इस बीच पथरहिया चुआड़ बंधी के पास से किशोर का खून से लथपथ शव मिला। जिसके बाद परिजना शोर मचाने लगे। जानकरी के बाद आसपास के लोग भी मौके पर इकठ्ठा हो गए। परिजनों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर रामपुर बरकोनिया थानाध्यक्ष कमल नयन दुबे पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। कुछ देर बाद सीओ सदर रणधीर मिश्र व एएसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी भी घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजवा दिया। उधर मृतक के पिता रमेश बिंद की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी विजय चौहान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हत्या में प्रयोग किए गए चाकू भी बरामद कर लिया। एडीशनल एसपी आपरेशन त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी विजय के चचेरी बहन से करमचंद छेड़खानी करता था। बहन ने इसकी जानकारी उसको दिया था। जिसके बाद आरोपी ने कई बार उसको समझाया था, लेकिन उसके बाद भी वह नहीं माना। जिसके बाद सिगरेट पीने के बहाने पथरहिया बंधी पर बुलाकर करमचंद की हत्या कर दी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।