यूपी में आंधी-बारिश का कहर, चार लोगों की मौत; वेस्ट को लेकर मौसम विभाग का ऑरेंट अलर्ट
यूपी के कई जिलों में शुक्रवार को आंधी बारिश ने कहर बरपाया। सबसे ज्यादा खराब स्थिति पश्चिमी जिलों की हुई। फिरोजाबाद और एटा में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गईं।

UP Weather Update: यूपी के कई जिलों में शुक्रवार को आंधी बारिश ने कहर बरपाया। सबसे ज्यादा खराब स्थिति पश्चिमी जिलों की हुई। फिरोजाबाद और एटा में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गईं। फिरोजाबाद में स्कूली वैन पर पेड़ भी गिर गया, भीतर बैठे बच्चे बाल-बाल बचे। शुक्रवार को सबसे ज्यादा बारिश बुलंदशहर में 30 मिलीमीटर दर्ज की गई। इटावा में 20 और बस्ती में 17 मिलीमीटर बारिश हुई।
बारिश की वजह से अलीगढ़ और आगरा में तापमान 10 डिग्री तक नीचे आ गया। लखनऊ में भी मौसम ने करवट बदली। सुबह से ही तेज पुरवा हवा चलने लगी। साथ ही आसमान बादलों से घिर गया। दोपहर बाद कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। इससे दिन का तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री नीचे आ गया। यह 34.2 दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार बादलों की आवाजाही का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहेगा।
आगरा में अधिकतम तापमान 28.8 तो अलीगढ़ में 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करीब 13 जिलों में तापमान 36 डिग्री या इससे नीचे रहा। मौसम विभाग ने यूपी के ज्यादातर जिलों के लिए शनिवार को यलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश फिर तबाही मचा सकती है क्योंकि मौसम केन्द्र ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ यूपी में सक्रिय है। एक और पश्चिमी विक्षोभ तीन मई से सक्रिय हो रहा है।
मेरठ सहित वेस्ट यूपी में सुबह 30-40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली आंधी से अधिकांश हिस्से प्रभावित हुए। मेरठ में आंधी की रफ्तार 50 किमी प्रतिघंटे तक रही। मौसम विभाग के अनुसार छह मई तक वेस्ट यूपी में आंधी एवं बारिश का दौर जारी रहेगा। उधर, अलीगढ़ में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को शुक्रवार को बड़ी राहत मिली। सुबह आसमान पर अचानक काले बादल उमड़ आए। गरज और बिजली की कड़क के बीच लगभग 20 मिनट तक हुई झमाझम बारिश ने गर्मी से राहत दी। बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे मौसम सुहाना हो गया। अधिकतम तापमान करीब सात डिग्री गिरकर 29 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।