देश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिॉनिक वेहकिल यूपीवालों ने खरीदे, महाराष्ट्र-कर्नाटक-दिल्ली को पीछे छोड़ा
वित्तीय वर्ष 2014-15 से 2024-25 तक के 11 वित्तीय वर्षों में देशभर में ईवी पंजीकरण में उत्तर प्रदेश टॉप पर है। इस अवधि में देश में 58 लाख 82 हजार 717 ईवी पंजीकृत हुए जिसमें अकेले उत्तर प्रदेश में 11 लाख 66 हजार 52 ईवी पंजीकृत हैं।

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम और प्रदूषण की चिंताओं के बीच पर्यावरण को लेकर जागरूकता से देशभर में लोग इलेक्ट्रिक व्हीहल (ईवी) की ओर शिफ्ट होने लगे हैं। वित्तीय वर्ष 2014-15 से 2024-25 तक के 11 वित्तीय वर्षों में देशभर में ईवी पंजीकरण में उत्तर प्रदेश टॉप पर है। यूपी इस मामले में महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली सबको पीछे छोड़ दिया है। महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है।
इस अवधि में देश में 58 लाख 82 हजार 717 ईवी पंजीकृत हुए जिसमें अकेले उत्तर प्रदेश में 11 लाख 66 हजार 52 ईवी पंजीकृत हैं। देश में कुल पंजीकृत ईवी में दुपहिया वाहनों की भागीदारी 54.1 फीसदी है जो आधे से अधिक है। यानी ईवी में दोपहिया वाहन लोगों की प्राथमिकता में हैं। यह आंकड़े द काउंसिल ऑफ एनर्जी, एनवॉयरमेंट एंड वाटर-ग्रीन फाइनेंस (सीईईडब्ल्यू-जीएफसी) सेंटर के हैं। यह सेंटर देश में ईवी में वृद्धि के ट्रेंड की निगरानी करता है।
ईवी में टॉप 10 राज्य
राज्य ईवी वाल्यूम
उत्तर प्रदेश 11,66,052
महाराष्ट्र 6,96,063
कर्नाटक 5,30,990
दिल्ली 3,69,176
तमिलनाडु 3,69,090
राजस्थान 3,56,052
बिहार 3,44,392
गुजरात 2,61,609
मध्य प्रदेश 2,48,940
केरल 2,33,753
स्रोत: सीईईडब्ल्यू-जीएफसी
कुल ई-वाहनों में ट्रेंड
-ई-2-व्हीलर 54.1%
-ई-रिक्शा 35.7%
-ई-4 व्हीलर 4.2%
-ई-3-व्हीलर 5.0%
-ई-4-व्हीलर-व्यवसायिक 0.5%
-ई-बस 0.2%
ईवी में यूपी टॉप-10 आरटीओ
आरटीओ ईवी
लखनऊ (यूपी-32) 104051
कानपुर नगर (यूपी-78) 70182
नोएडा (यूपी-16) 48699
वाराणसी (यूपी-65) 44407
गाजियाबाद(यूपी-14) 44345
आगरा (यूपी-80) 44189
प्रयागराज (यूपी-70) 43612
मेरठ (यूपी-15) 32397
बरेली (यूपी-25) 27129
मथुरा (यूपी-85) 26420
आंकड़े- 2014-15 से 2024-25
यूपी में ई-रिक्शा नंबर-1
देश में जहां ईवी टू-व्हीलर टॉप में है, वहीं यूपी में कुल ईवी में दो तिहाई यानी 75 फीसदी केवल ई-रिक्शा हैं। प्रदेश में ई-टू व्हीलर 17.3, थ्री-व्हीलर 6.3, 4-व्हीलर 1.2 और ई-बस 0.1 फीसदी हैं। प्रदेश में 4-व्हीलर कॉमर्शियल ईवी नहीं है।
प्रमुख तथ्य
-अप्रैल में मेघालय में ईवी वाल्यूम में सर्वाधिक 230.56% की बढ़ोतरी
-उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक ईवी वाल्यूम बिक्री, 21972 ईवी बेचे गए
-ईवी की सभी श्रेणियों में टू-व्हीलर अप्रैल में सबसे ऊपर