दूल्हे ने खुद ही खोज निकाले लुटेरी दुल्हन के रिश्तेदार, नशीला दूध पिलाकर की थी लूट
जो काम पुलिस को करना चाहिए, वो पीड़ित दूल्हे और उसके परिजनों ने किया। आगरा में लुटेरी दुल्हन के फर्जी बुआ-फूफा का घर तलाशा। घेराबंदी के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया।

जो काम पुलिस को करना चाहिए, वो पीड़ित दूल्हे और उसके परिजनों ने किया। आगरा में लुटेरी दुल्हन के फर्जी बुआ-फूफा का घर तलाशा। घेराबंदी के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया। यह स्थिति तब है जब पीड़ित पक्ष पहले दिन से बोल रहा था कि आरोपियों का नाता नगला पदी से है। बिचौलिया और दुल्हन अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। सीता नगर, एत्मादुद्दौला निवासी कुसुमा देवी के बेटे रिंकू की बिचौलिया ने 1.20 लाख रुपये लेकर चार मई को शादी कराई थी। शादी की रात ही दुल्हन आतिमा दूल्हे और उसकी मां को नशीला दूध पिलाकर फरार हो गई थी। भागने से पहले घर में रखे जेवरात और नकदी ले गई थी।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की थी। भाजपा विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के हस्तक्षेप के बाद मुकदमा लिखा गया था। पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया था कि बिचौलिया ट्रांस यमुना इलाके में रहता है। पुलिस ने उसे नहीं पकड़ा। इस दौरान दूल्हे पर हमला हुआ। उसका मुकदमा अलग से लिखा गया। दूल्हे के परिजन कई दिनों से नगला पदी में रेकी कर रहे थे। उन्हें पूरा यकीन था कि नकली बुआ और फूफा वहां के रहने वाले हैं। शादी नगला पदी स्थित एक मंदिर में हुई थी। पीड़ित पक्ष ने देखा था कि शादी वाले दिन बुआ-फूफा से स्थानीय लोग भी बातचीत कर रहे थे।
पीड़ित पक्ष पुलिस से छानबीन की बोल रहा था। उन्हें प्रतिदिन टहला दिया जाता था। पीड़ित ने ही फर्जी बुआ-फूफा को खोज लिया। विवेचक को फोन करके बुलाया। उसने दोनों को हिरासत में लिया। उनसे दुल्हन के बारे में पूछा जा रहा है। उनका कहना है कि विचौलिया ने उन्हें रुपये देकर बुआ-फूफा बनाया था। पीड़ित पक्ष का कहना है कि दुल्हन को जिस बाइक पर भगाया गया, वह भी नगला पदी आई थी। आरोपित महिला ने अपना नाम सुनीता व पुरुष ने राजेंद्र बताया। दोनों एक ही बात बोल रहे हैं कि सब कुछ बिचौलिया को पता है। वह मास्टर माइंड है।