आगरा में चार दिन में तीसरा गोलीकांड, सरेआम युवक की कनपटी पर गोली मारी
सिकंदरा-बोदला मार्ग पर देवीराम फूड सर्किल के सामने शनिवार सुबह बाइक सवारों ने एक युवक की कनपटी पर गोली मार दी। युवक गन्ने का जूस पी रहा था। गोली चलते ही दहशत फैल गई। बाइक सवार हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग गए।

सिकंदरा-बोदला मार्ग पर देवीराम फूड सर्किल के सामने शनिवार सुबह बाइक सवारों ने एक युवक की कनपटी पर गोली मार दी। युवक गन्ने का जूस पी रहा था। गोली चलते ही दहशत फैल गई। बाइक सवार हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग गए। देवीराम फूड सर्किल के सामने एक ठेल वाला गन्ने का जूस बेच रहा था। पैदल-पैदल एक युवक वहां पहुंचा। गन्ने का जूस मांगा। इसी दौरान बाइक पर दो नकाबपोश वहां आए। बाइक पर पीछे बैठे नकाबपोश ने युवक की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही युवक मौके पर गिर पड़ा। जूस वाला भाग खड़ा हुआ।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हॉस्पिटल भेजा। युवक की पहचान बिचपुरी (जगदीशपुरा) निवासी 19 वर्षीय मिलन के रूप में हुई। वह ट्रक चालक है। एक साल पहले उसके पिता की मौत हो गई थी। सूचना पर उसके घर में कोहराम मच गया। एसीपी हरीपर्वत विनायक भोसले ने बताया कि घटना से साफ है कि मकसद हत्या का था। मिलन का इलाज चल रहा है। हालत बेहद गंभीर है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
घटना स्थल पर लगे दो सीसीटीवी खराब थे। वे सही होते तो पुलिस को घटना का लाइव वीडियो मिलता। हमलावर वारदात के बाद उसी सड़क पर आगे भागे थे। पुलिस की टीम सीसीटीवी की मदद से उनका पीछा कर रही है। जख्मी मिलन अभी बात करने की स्थिति में नहीं है। छानबीन में यह पता चला है कि दो दिन पहले कारगिल चौराहे के पास मिलन का किसी युवक से विवाद हुआ था। उस समय लोगों ने बीच-बचाव करा दिया था।
चार दिन में तीसरा गोलीकांड
ताजनगरी में चार दिन में यह तीसरा गोलीकांड है। बुधवार की दोपहर केंद्रीय हिन्दी संस्थान मार्ग पर गाड़ी टकराने पर कार सवार ने एक ऑटो वाले के गोली मार दी। गोली ऑटो चालक की जांघ में लगी थी। इसी रात ताजनगरी फेसवन में गुलफाम की गोली मारकर हत्या की गई थी। उसका चचेरा भाई सैफ अली जख्मी हुआ था। एक गोली उसे भी रगड़ते हुए निकल गई थी। शनिवार को एक और वारदात हो गई।