UP Weather: यूपी में बदला मौसम, गरज-चमक के साथ बारिश, गिर सकते हैं ओले; 20 तक यलो अलर्ट
- पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 72 घंटों तक गर्मी से कुछ राहत रहेगी। इसके बाद तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। उत्तर पूर्वी हवाओं के कारण वातावरण में नमी का प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में 20 अप्रैल तक यलो अलर्ट जारी किया है।

UP Weather Update: यूपी में एक बार फिर मौसम बदल गया है। मौसम विज्ञानियों ने गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई थी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार की सुबह से ही बादलों ने घेर लिया। गोरखपुर में सुबह 7 बजते-बजते बारिश शुरू हो गई। पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 72 घंटों तक गर्मी से कुछ राहत रहेगी। इसके बाद तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। हालांकि इन दिनों जो गर्मी पड़ेगी उसका फील अधिक होगा। उत्तर पूर्वी हवाओं के कारण वातावरण में नमी का प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में 20 अप्रैल तक यलो अलर्ट जारी किया है। ईरान से आए पश्चिमी विक्षोभ ने जम्मू-कश्मीर समेत अन्य पहाड़ी राज्यों के साथ मैदानी क्षेत्रों के मौसम पर भी प्रभाव डाला है।
प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को आंधी-पानी की स्थितियां रहीं लेकिन कानपुर में तेज हवाएं ही चलीं। गुरुवार-शुक्रवार रात अचानक तेज हवाएं चलीं और बूंदाबांदी भी हुई। इससे रात में गर्मी से राहत मिल गई। भले ही कानपुर में हल्का प्रभाव रहा लेकिन दिन का तापमान 38.4 से घटकर 37.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बादलों के कारण रात का पारा चढ़ गया। तापमान 22.7 से बढ़कर 24.4 डिग्री हो गया। लगातार रात का पारा चढ़ेगा और दिन का तापमान बढ़ेगा। उत्तर पूर्वी तेज हवाएं चलने से नमी का प्रतिशत बढ़ गया।
बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश संभव
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी सिस्टम के कारण देश के कई राज्यों में मौसमी स्थितियां खराब हैं। उत्तर प्रदेश में 20 अप्रैल तक गरज चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी। आगे भी पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है। कानपुर मंडल में भी अगले 24 से 48 घंटों में तेज हवाएं चल सकती हैं। बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश संभव है।
आगरा में पारा फिर 41 पार, गर्म हवा सताएगी
ब्रज में कुछ दिन बारिश और बादल का मौसम होने के बाद पिछले दो दिन से गर्मी का पारा 41 से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कुछ दिन गर्म हवा चलने के आसार जताए हैं। तीन दिन बाद ये गर्मी और तेज हो जाएगी। अगले एक हफ्ते तक कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
दिन की तरह रात का तापमान भी बढ़ना शुरू हो गया है। ये भी रूम टेम्परेचर से ऊपर पहुंच गया है। आगरा में दिन का तापमान 41.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ब्रज के अन्य जिलों में भी अधिकतम पारा 42 डिग्री के आसपास ही झूलता रहा। मौसम विभाग के अनुसार अभी तो आसमान में हल्के-फुल्के बादल हैं। तीन दिन बाद आसमान साफ होगा। तपिश और सताएगी।