UP Weather: यूपी में भीषण गर्मी के साथ लू का प्रकोप, मौसम विभाग ने बताया कब मिलेगी राहत
यूपी में भीषण गर्मी के साथ ही लू का प्रकोप ज्यादातर जिलों में शुरू हो गया है। 21 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार हो गया है। ऐसे में आठवीं तक के स्कूलों का समय भी बदलने लगा है।

यूपी में भीषण गर्मी के साथ ही लू का प्रकोप शुरू हो चुका है। कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के भी पार हो चुका है। एक दो दिन में इसके 45 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर जाने की आशंका है। इस बीच छोटे बच्चों को राहत देने के लिए स्कूलों का समय भी बदलने लगा है। फिलहाल वाराणसी और आगरा में आठवीं तक के स्कूलों का समय बदल दिया गया है। वाराणसी में दोपहर एक बजे और आगरा में 12 बजे तक ही स्कूल चलेंगे।
मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है। इसका असर फिलहाल ज्यादा नहीं है। ऐसे में 24-25 के आसपास कुछ जिलों में बादलों की आवाजाही या हल्की बदली छाएगी। जब यह यूपी-बिहार की सीमा पर पहुंचेगा तो पुरवा की नमी से इसे मजबूती मिलने का पूर्वानुमान है। ऐसे में 26 और 27 को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ तेज हवा चल सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या बौछार पड़ने की संभावना है। यह इस पर निर्भर करेगा कि आने वाले समय में पश्चिमी विक्षोभ को पुरवा से कितनी ताकत मिलती है।
आगरा में गर्मी और हीट वेव के अलर्ट के मद्देनजर बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बदलाव करते हुए बीएसए जितेंद्र कुमार गोंड ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी परिषदीय स्कूलों के साथ अन्य बोर्डों के विद्यालयों का संचालन सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। सभी स्कूलों में छांव और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था भी होनी चाहिए। इस दौरान आउटडोर (बाहरी) गतिविधियां नहीं कराई जाएंगी। सभी खंड शिक्षाधिकारियों को कड़ाई से दिशा-निर्देशों का पालन कराने को कहा गया है।
इसी तरह बनारस में भीषण गर्मी के कारण कक्षा 8 तक के सभी स्कूल सुबह 7 से दिन में 1 बजे तक ही चलेंगे। बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने यह निर्देश जारी किया है। इसके आदेश सभी बोर्ड के स्कूलों के लिए जारी किया है। साथ ही स्कूल के बाहर के क्रियाकलाप भी नहीं होंगे।
प्रदेश के 21 जिलों में तापमान 40 डिग्री के ऊपर
पछुआ के प्रभाव में आते ही पूरे प्रदेश का मौसम गर्म होना शुरू हो गया। सोमवार को प्रयाराज और कानपुर सबसे ज्यादा तपे। लखनऊ समेत प्रदेश के 21 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री या इससे ऊपर रहा। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार अब गर्मी का प्रभाव बढ़ता जाएगा। फिलहाल इस सप्ताह कोई पश्चिमी विक्षोभ राहत देने नहीं आने वाला।
सोमवार को उत्तर प्रदेश में सबसे गर्म जिला प्रयागराज रहा। अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस तक चला गया तो न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला कानपुर रहा जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वाराणसी और रायबरेली के फुर्सतगंज में तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इनके अलावा हमीरपुर में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 22 से लेकर 25 अप्रैल तक गर्म हवाएं चलने का अनुमान है और अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। मौसम विभाग ने एक दिन पहले ही चेतावनी दी थी कि आने वाले समय में यूपी के दक्षिणी जिलों में हीट वेव की स्थित बन सकती है। मंगलवार-बुधवार तक गर्मी का असर आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, कन्नौज तक दिखने लगेगा। कई जिलों में आंधी बरिश की वजह से आसमान साफ है। इससे धूप सीधे पड़ेगी जो धरती की सतह को गर्म करेगी। ऐसे में जल्द ही प्रदेश के कई जिले प्रचंड गर्मी का सामना कर सकते हैं।
शुष्क पछुआ हवा लू में बदली
गर्मी अब धीरे-धीरे फिर प्रचंड हो रही है। सोमवार को करीब 11 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली शुष्क पछुआ हवा लू में बदल गई। इससे दोपहर में त्वचा झुलसने लगी और वातावरण से नमी कम होने से लोगों को बार-बार पानी पीना पड़ा।
बीएचयू स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बनारस में अधिकतम तापमान 43.4 और न्यनूतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में प्रयागराज सबसे गर्म रहा। यहां पर तापमान 44.3 डिग्री दर्ज किया गया है। 44 डिग्री के साथ कानपुर दूसरे और बनारस तीसरे स्थान पर रहा।
इससे पहले सुबह तेज धूप निकली और करीब नौ बजे ही तपिश का अहसास होने लगा था। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा रहा। लोग जरूरी काम से ही बाहर निकले। धूप तीखी होने से सोमवार दोपहर में गोदौलिया चौराहे पर एक युवक अचेत हो गया। पुलिस उसे मारवाड़ी अस्पताल ले गई। जहां से वह मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि तेज धूप से उसे चक्कर आ गया था। फिलहाल वह भर्ती है। न्यूनतम तापमान बढ़ने से लोगों को रात में भी राहत नहीं मिली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पर हीटवेव चलने के आसार है।