पत्नी की बेरहमी से हत्या के बाद शव के साथ 3 दिन तक क्यों सोता रहा? पति ने खोला राज
- यूपी के आगरा में पत्नी की बेरहमी से हत्या के बाद शव के साथ 3 दिन तक क्यों सोता रहा? पति ने इस बारे में राज खोला। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी को रील का शौक था। बाहर जाती है। उसे शक हो गया था। हत्या के बाद लाश को ठिकाने लगाने की फिराक में था।

यूपी के आगरा में शिवानी हत्याकांड में आरोपी पति ने खुद राज खोल दिया है। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी को रील बनाने का शौक था। किसी के साथ भी बाहर घूमने भी चली जाती थी। इससे पति शक करने लगा था। उसने बताया कि वह लाश को ठिकाने लगने की फिराक में था। इसलिए हत्या करके पत्नी की लाश के साथ रहा था। घर में पत्नी की लाश होने का किसी को शक न हो इसलिए पड़ोसियों से बात करता था। पूछताछ में उसने हत्या के पीछे का कारण शक बताया है।
मंगलवार को पुलिस ने शक्ति को गिरफ्तार किया था। उसकी पत्नी पार्वती उर्फ शिवानी का शव घर में मिला था। पार्वती की बहन के आने पर हत्या का राज खुला था। शक्ति को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। शक्ति ने पुलिस को बताया कि उसने रविवार की सुबह पत्नी की हत्या की थी। झगड़ा हुआ था। उसने पत्नी के मुंह पर कपड़ा बांध दिया। गले पर प्रहार किया। खून बहने लगा, तो उसके ऊपर कपड़े डालता चला गया। पत्नी बच नहीं जाए, इस डर से बाद में उसकी दोनों हाथ की कलाई भी काटीं।
हत्यारोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी को रील बनाने का शौक लग गया था। रील बनाने के लिए किसी भी समय कहीं भी चली जाती थी। उसे बताए बिना भतीजी के साथ कैला देवी गई थी। वह पीछे-पीछे वहां पहुंच गया था। पत्नी को घर ले आया था। 20 दिन पहले पत्नी झगड़ा करके भोपाल चली गई थी।
वहां से जैसे-तैसे घर वापस लेकर आया था। घटना वाले दिन वह सोकर उठा था। पत्नी का पारा चढ़ा हुआ था। उस पर बरस पड़ी। भला-बुरा कहने लगी। उसकी रात की पूरी तरह उतरी नहीं थी। उसने पत्नी को समझाया। गुस्से में बाल पकड़कर उसको दो चांटें मार दिए। इसके बाद तो पत्नी आपे से बाहर हो गई। उसे लगा उसे मार डालेगी।