सड़कों पर घटिया डामरीकरण पर कांग्रेसियों में आक्रोश
जागेश्वर विस में घटिया डामरीकरण के खिलाफ लगातार विरोध हो रहा है। कांग्रेस की बैठक में कार्यकर्ताओं ने सड़कों की गुणवत्ता की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा शासन में भ्रष्टाचार पर...

जागेश्वर विस में घटिया डामरीकरण के खिलाफ विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब शुक्रवार को हुई कांग्रेस लमगड़ा ब्लॉक इकाई की बैठक में यह मुद्दा उठा है। कार्यकर्ताओं ने विस के अंतर्गत सड़कों पर हो रहे डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता की जांच के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आंदोलन को भी चेताया है। बीते कुछ दिनों से दन्या-आरा सल्पड़ के साथ जागेश्वर विस की सड़कों पर घटिया डामरीकरण का मामला छाया हुआ है। पूर्व विस अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल के बाद विधायक मोहन सिंह महरा ने जांच की मांग उठाई थी। वहीं, गुरुवार को हुई बेसिक जांच में डामरीकरण की गुणवत्ता में खामियां मिली थीं। अब यही मुद्दा शुक्रवार को कांग्रेस ब्लॉक कमेटी की बैठक में भी उठा। मनोज सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रभारी पूरन सिंह बिष्ट मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा शासन में हर कार्य में भ्रष्टाचार हावी है। विस में सड़कों पर किए जा रहे डामर की गुणवत्ता इस प्रकार है कि परतें हाथ से ही उधड़ रही हैं। इसके बाद भी सरकार खामोश बैठी हुई है। कहा कि अगर शासन प्रशासन की ओर से निर्माणकार्य की गुणवत्ता की जांच नहीं की गई तो कांग्रेस जनआंदोलन के लिए तैयार है। इसके अलावा बैठक में संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर योगदान देन की बात कही गई। साथ ही जो पदाधिकारी बैठक में नहीं थे उन्हें अगली बैठक में शामिल रहने की अपील की गई। अन्यथा उनके स्थान पर किसी और को जिम्मेदारी दी जाएगी।
कार्यकर्ताओं को बांटी जिम्मेदारी
बैठक में हेम कुमार आर्या को न्याय पंचायत धौरा अध्यक्ष, पूरन चंद्र पांडे जलना अध्यक्ष, राजेंद्र सिंह बिलवाल को सिरसोड़ा अध्यक्ष, धन सिंह फर्त्याल को डोल अध्यक्ष, त्रिलोक सिंह को अन्यूडा अध्यक्ष, पन सिंह बोरा को चायखान अध्यक्ष और बिशन सिंह फर्त्याल को बसंतपुर अध्यक्ष चुना गया। नव निर्वाचित पदाधिकारीयों को जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
धौलादेवी और जागेश्वर ब्लॉक में भी बैठक
अल्मोड़ा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धौलादेवी और जागेश्वर में शुक्रवार को बैठक हुई। ब्लॉक प्रभारी दीवान सतवाल ने संगठन को सर्वोपरि बताया। संगठन को मजबूत करने की लिए ब्लॉक के पदाधिकारियों को गांव-गांव जाकर भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करने को कहा। बैठक में जागेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष बिशन सिंह बिष्ट, धोलादेवी ब्लॉक अध्य्क्ष अंकुर कांडपाल, लक्ष्मण सिंह, गणेश बिष्ट, जगदीश चंद्र, कैलाश चंद्र, प्रकाश बिष्ट, रवि, राजू नाथ, गोधन राम, गोकुल कोहली, महेश कांडपाल, संतोष टम्टा, भोपाल प्रसाद आदि थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।