विहिप का कल नैनीताल में प्रदर्शन का ऐलान
विश्व हिंदू परिषद ने नैनीताल में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना के विरोध में बैठक की। परिषद ने मंगलवार को डीएसए मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आयोजन करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही मां नैना देवी...

नैनीताल, संवाददाता। विश्व हिंदू परिषद ने रविवार को नैनीताल के विभिन्न संगठनों के साथ बैठक की। इस दौरान नैनीताल में नाबालिग के साथ हुई दुष्कर्म की घटना के विरोध को लेकर योजना बनाई। विहिप के जिला सहमंत्री विवेक वर्मा ने बताया कि परिषद की ओर से कल (मंगलवार) को डीएसए मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। मां नैना देवी मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाएगा। बताया कि इससे पहले घर-घर जाकर लोगों से प्रदर्शन में प्रतिभाग करने का आग्रह किया जाएगा। विहिप के यशपालराज हंस ने बताया कि सरोवर नगरी में जो समुदाय विशेष के व्यक्ति की ओर से जो दुष्कर्म का कृत्य किया गया है वह जघन्य अपराध है।
मांग है कि अपराधी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए, उसके नाम से जितने भवन और दुकानें हैं, उनकी जांच कर ध्वस्तीकरण किया जाए। प्रदर्शनकारियों पर जो गाली-गलौज और मारपीट के आरोपों पर उन्होंने कहा कि वह प्रदर्शनकारी नहीं थे। वे आक्रोश प्रकट करने वाले नैनीताल के नागरिक थे। तोड़फोड़ के लिए लोगों को उकसाया गया था और उनके पास इससे जुड़े वीडियो भी मौजूद हैं। उकसाने के बाद ही जनता और अधिक आक्रोशित हो गई। कहा कि इसकी जांच के लिए वे प्रार्थना पत्र देंगे। बैठक में विहिप के जिला मंत्री दीपक मेहता, जिला सह मंत्री विवेक वर्मा, कुणाल वेदी, चंदन नयाल, विकास जोशी, मनोज, नितिन कार्की, भूपेंद्र सिंह बिष्ट, कविता गंगोला, प्रेमा अधिकारी, मीरा बिष्ट, पंकज भट्ट, भूपेंद्र कोरंगा, विवेक गुप्ता, देवेंद्र ठाकुर आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।