Hindustan Newspaper s Bole Garhwal Campaign Addresses Public Issues Leading to Government Action बोले गढ़वाल @100 दिन : आप बोले तो हुकूमत ने सुना, Srinagar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttarakhand NewsSrinagar NewsHindustan Newspaper s Bole Garhwal Campaign Addresses Public Issues Leading to Government Action

बोले गढ़वाल @100 दिन : आप बोले तो हुकूमत ने सुना

आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने बोले गढ़वाल अभियान के तहत गढ़वाल क्षेत्र में जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। इस अभियान के परिणामस्वरूप स्थानीय प्रशासन ने समस्याओं का समाधान करना शुरू किया है,...

Newswrap हिन्दुस्तान, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयागThu, 24 April 2025 06:55 PM
share Share
Follow Us on
बोले गढ़वाल @100 दिन : आप बोले तो हुकूमत ने सुना

जन सरोकारों के प्रति हमेशा से समर्पित और जन समस्याओं को प्रमुखता से स्थान देकर अपनी जिम्मेदारी के निर्वहन में जुटे आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान ने बोले गढ़वाल अभियान के तहत जनता की विभिन्न समस्याओं को न केवल आवाज दी बल्कि इसका दमदार असर भी हुआ है। पूरे गढ़वाल में पिछले 100 दिनों में बोले गढ़वाल अभियान के तहत विभिन्न्न जनसमस्याओं पर फोकस करते हुए प्रकाशित खबरों पर जिम्मेदार सरकारी मशीनरी और नुमाइंदों ने उन पर प्रभावी कदम भी उठाए हैं।

आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान ने जनता की आवाज बनते हुए उनकी समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित कर उनके समाधान के उद्देश्य से बोले गढ़वाल अभियान के माध्यम से जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उठायी थी, उसे पिछले 100 दिनों में हमने दमदार तरीके से अंजाम तक भी पहुंचाया है। इस कड़ी में श्रीनगर गढ़वाल में पार्किंग की किल्लत और बनने के बाद से बंद चल रही परिवहन निगम की पार्किंग के कारण परेशान लोगों के मामले की खबर प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद उसे जनता के लिए खोल दिया गया है। नगर निगम क्षेत्र में दूसरी प्रमुख समस्या लावारिस पशुओं को लेकर थी जिसपर नगरनिगम निर्माण के तीन वर्षों बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हो सकी थी जिससे जनता खासी परेशान थी। हमारी खबर के प्रकाशित होने के बाद आखिरकार नगर निगम प्रशासन ने हाईवे समेत सम्पर्कमार्गों पर घूम रहे लावारिस पशुओं को हटाने का काम शुरू कर दिया है।

नगर निगम द्वारा पौड़ी हाईवे पर खंडाह के निकट लावारिस गौवंश के लिए निर्मित बड़ी गौशाला में शहर में मौजूद लावारिस गौवंश को शिफ्ट किया जा रहा है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों के उल्लंघन करने सम्बन्धी समस्या पर प्रकाशित खबर के बाद नगर निगम और स्थानीय प्रशाससन ने पूरे कूड़े की सफाई करते हुए उसे हटाकर नगर से आठ किलोमीटर दूर गिरगांव में ट्रंचिंग ग्राउंड में शिफ्ट कर दिया है। कूड़ा व गदंगी हटने से परेशान क्षेत्रीय जनता ने हिन्दुस्तान का आभार जताया है। इसके साथ 30 हजार स्क्वायर मीटर भूमि पर पांच करोड़ 28 लाख की लागत से बनाये जा रहे नये ट्रंचिंग ग्राउंड पर कचरे और टूटी चारदीवारी के साथ बिखरे व जलाये जा रहे कूड़े पर भी प्रभावी कार्यवाही हुई है।

उत्तरकाशी में स्ट्रीट लाइटें ठीक, पार्क का काम शुरू

बोले गढ़वाल अभियान के तहत आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान में जिला मुख्यालय उत्तरकाशी के नगरपालिका क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं पर प्रकाशित खबरों के बाद सरकारी मशीनरी और जनप्रतिनिधियों ने हरकत में आते हुए विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइटें और पार्क इत्यादि बनाने का काम शुरू हो गया है। गौरतलब है कि बोले गढ़वाल अभियान के तहत नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों और मोहल्ले की समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके तहत स्थानीय लोगों ने कूड़ा, बिजली, पानी, नालियां, सड़क, स्वास्थ्य, बदहाल पार्क, जाम की समस्या, पार्किंग आदि समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था, जिसे हमने प्रमुखता से जगह देते हुए प्रकाशित भी किया था। नगर पालिका ने इनमें से अधिकांश समस्याओं को हल करने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है। नगर पालिका की ओर से नगर क्षेत्र से सटे बड़ेथी और ज्ञानसू टैक्सी स्टैंड में चबूतरे का निर्माण करवाया जा रहा है, जिसमें कुर्सियां इत्यदि लगाकर यात्रियों के विश्राम की सुविधा रहेगी। इसी तरह गंगोरी, तिलोथ, हनुमान चौक, जोशियाड़ा, लदाड़ी, ज्ञानसू आदि मोहल्लों में नालियों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य प्रगति पर है। नगर पालिका की ओर से नगर क्षेत्र के प्रत्येक वार्डों में आवश्यक जगहों पर स्ट्रीट लाइटें भी लगा दी गई हैं, जिससे जनता की सुविधाएं बढ़ी हैं।

रुद्रप्रयाग में डंपिंग यार्ड को मिला खेल मैदान का स्वरूप

बोले गढ़वाल अभियान के तहत रुद्रप्रयाग नगरपालिका क्षेत्र की जनसमस्याओं के प्रकाशित होने के बाद भी हमारी खबरों का जोरदार असर हुआ है। बेला कोटेश्वर में डंपिंग यार्ड से परेशान जनता के मामले पर प्रकाशित खबर के बाद एनएच लोनिवि, भारत कस्ट्रक्शन और नगर पालिका की टीम ने न केवल इस क्षेत्र का निरीक्षण किया बल्कि डंपिंग यार्ड के ऊपरी भाग को खेल मैदान का स्वरूप दे दिया है। हालांकि अभी सुरक्षात्मक कार्य शेष हैं जिन्हें जल्द किये जाने की सक्षम अधिकारियों ने बात कही है। नगरपालिका अध्यक्ष ने इस संबंध में उन्हें जरूरी निर्देश दिये थे जिसके बाद डम्पिंग यार्ड में जेसीबी की मदद से उबड़-खाबड़ और बेतरतीब मलबे को समतल करते हुए खेल मैदान का स्वरूप दे दिया गया हैं। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी सुरक्षात्मक कार्य नहीं किए गए हैं। इधर, बेला वार्ड की सभासद विनीता देवी ने कहा कि हिन्दुस्तान के अभियान का असर है कि डंपियार्ड पर कुछ तो काम हुआ है। स्थानीय लोगों ने हिन्दुस्तान का आभार भी जताया है।

पौड़ी में बदहाल नालियों को ठीक किया, खराब हैंडपंप भी सुधारा

बोले गढ़वाल अभियान के तहत मंडल और जिला मुख्यालय पौड़ी के मॉलरोड बाजार और इससे सटे क्षेत्र में जनसमस्याओं पर प्रकाशित हमारी खबर का भी दमदार असर हुआ है। नगर पालिका ने तेजी से इसका संज्ञान लेते हुए सड़क की खुली नालियों को ठीक किया है। मॉलरोड पर पीएनबी बैंक के पास सड़क की नालियों के ढक्कन खुले थे जिन्हें अब ठीक कर दिया गया है। माल रोड पर सड़क किनारे रोड से ऊंची बना दी गई सीमेंटेड नालियां भी लोगों के लिये आफत का सबब बनी हुई थीं, जो कचरे व गदंगी से चोक थीं। आखिरकार उनकी सफाई भी नगरपालिका ने की है और काफी समय से बंद पार्किंग को भी आम जनता के लिये खोलकर सुचारू किया गया है। बस स्टैंड पर लम्बे समय से खराब पड़े हैंडपम्प को भी जलसंस्थान ने ठीक करवा दिया है। शहर में लावारिस पशुओं के प्रकाशित मुद्दे पर शहर से लगभग 35 किलोमीटर सिलेथ गांव में आखिरकार नगरपालिका ने गोशाला का निर्माण शुरू कर दिया है।

नई टिहरी में सफाई में सुधार और लाइटें भी लगाई

आपके लोकप्रिय समाचारपत्र हिन्दुस्तान की बोले गढ़वाल अभियान के जरिये जनसमस्याओं को प्रकाशित कर मुखरता से उठाने का टिहरी में भी जबरदस्त असर देखने को मिला है। जिला मुख्यालय नई टिहरी में इस कारण जहां साफ-सफाई की व्यवस्था चाकचौबंद हुई है वहीं नगर की क्षतिग्रस्त आंतरिक सड़कों की मरम्मत होने से आम लोगों को आवाजाही में राहत मिली है। क्षेत्र में खराब स्ट्रीटलाईटों को बदलने के साथ जरूरतमंद नए स्थानों पर उन्हें लगाया गया है। इतना ही नहीं मोहल्लों में साफ-सफाई की व्यवस्था में भी सुधार हुआ है तो बंद नालियों को बरसात से पहले ही खोलने का काम तेजी से हुआ है। सबसे बड़ी राहत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मतीकरण कार्य होने से जनता को मिली है। बताते चलें कि नगर की लगभग 16-17 किमी की आंतरिक सड़कें जगह-जगह गड्ढों से भरी पड़ी थीं। बोले गढ़वाल अभियान के तहत छपी खबरों का ही प्रभाव है कि शहर में बदहाल सड़कों को ठीक करने का कार्य तेजी से किया गया है।

लोगों का कहना है..

हिन्दुस्तान ने बोले गढ़वाल अभियान के तहत समस्याओं को मुखरता से उठाने की जो सराहनीय पहल की है, उससे बड़ी राहत मिली है। हम हिन्दुस्तान का आभार जताते हैं। -सुधीर बिष्ट, श्रीनगर गढ़वाल

हिन्दुस्तान ने बोले गढ़वाल अभियान के तहत जनता की समस्याओं को स्थान दिया। नगर में रोडवेज बस अड्डे में बंद पार्किंग स्थल खोला। हिन्दुस्तान का आभार जताते हैं। -नरेन्द्र बिष्ट, श्रीनगर गढ़वाल

नगर निगम क्षेत्र में सभी समस्याओं के निस्तारित करने के लिये हम प्रयासरत हैं। इस दिशा में हिन्दुस्तान का बोले गढ़वाल अभियान सराहनीय पहल है। -आरती भंडारी, मेयर, नगरनिगम, श्रीनगर गढ़वाल

बोले गढ़वाल अभियान के तहत हिन्दुस्तान की पहल बहुत अच्छा कदम है। बेला कोटेश्वर में डम्पिंग यार्ड में बिखरे मलबे से परेशान जनता को राहत मिली है। हिन्दुस्तान का आभार है। -विनीता देवी, सभासद, रुद्रप्रयाग

बेला कोटेश्वर में डंपिंग यार्ड हमारे लिये समस्या बना हुआ था। हम हिन्दुस्तान का आभार जताते हैं जिन्होंने इस समस्या को प्रकाशित कर समस्या का हल करवाने में मदद की है। -बलवीर बिष्ट, रुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग में विभिन्न समस्याओं के कारण हम लम्बे समय से परेशान रहे हैं लेकिन अब जाकर हिन्दुस्तान के बोले गढ़वाल अभियान से समाधान हुआ है। हिंदुस्तान का आभार। -नवीना मेवाल, रुद्रप्रयाग

जोशीयाड़ा और बाजार क्षेत्र की जनसमस्याओं के हिन्दुस्तान में प्रकाशित होने के बाद पालिका की ओर से स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई हैं, जिससे रात में पहले जैसी दिक्कत नहीं हो रही। -अजय बडोला, उत्तरकाशी

हिन्दुस्तान में खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद अब नालियों की नियमित सफाई हो रही है। साथ ही हनुमान चौक बस्ती में नाली मरम्मत का कार्य भी प्रगति पर है। -इश्तियाक अहमद बेग, उत्तरकाशी

सेक्टर-5 ए में बोले गढ़वाल अभियान के बाद नालियों की सफाई पर फोकस किया गया है। नालियों को बरसात से पहले साफ किया जा रहा है। हिन्दुस्तान का आभार। -नीलम जोशी, टिहरी

हिन्दुस्तान ने हम लोगों की परेशानी को सुन कर खबर प्रसारित की। उसका परिणाम है कि वाल्मीकी मोहल्ले में जहां सफाई व्यवस्था सुधरी है। सड़कों के हालात भी पैच वर्क से सुधरे हैं। -गुड्डी देवी, टिहरी

बस अड्डे क्षेत्र में बोले गढ़वाल अभियान के बाद तेजी से सफाई के कार्य हुये हैं। आम लोगों की परेशानियों का संज्ञान पालिका ने लिया है। पैच वर्क कार्य से सड़कों पर सुधार देखने को मिला है। -प्यार सिंह, टिहरी

पौड़ी बस स्टैंड शहर का सबसे ज्यादा भीड़ वाला और महत्वपूर्ण स्थान है। यहां पीने की पानी को लेकर काफी दिक्कत होती है। अब पालिका ने जल संस्थान से इसे ठीक करवाया है। -महफूज हुसैन, पौड़ी

शहर के अन्य वार्डो की तरह वार्ड 11 में नियमित सफाई करवाई जा रही हैं। घर घर से कूड़ा उड़ाने की भी व्यवस्था की गई हैं। मल्ली राई के पास बंद नाले को भी खोल दिया गया है। -गौरवसागर, सभासद, पौड़ी

पौड़ी कोटद्वार रोड पर नालियों की सफाई होने के बाद पहले से हालात कुछ ठीक हुए है। पालिका के पर्यावरण मित्रों ने यहां नालियों के साथ ही झाड़ियों की भी सफाई कर दी है। -अशोक बौड़ाई, पौड़ी

बोले गढ़वाल अभियान के तहत गोफियारा मोहल्ले की समस्याओं के प्रकाशित होने के बाद पालिका ने सफाई करवाई है। नालियों से भी कूड़ा हटा है। हम हिंदुस्तान का आभार जताते हैं। -सरोजनी पुरी, उत्तरकाशी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।