Gangotri and Yamunotri Temples Open for Pilgrims Uttarakhand Char Dham Yatra Begins गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, Uttarkashi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttarakhand NewsUttarkashi NewsGangotri and Yamunotri Temples Open for Pilgrims Uttarakhand Char Dham Yatra Begins

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुले

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को वैदिक मंत्रों और पूजा अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। गंगोत्री के कपाट 10:30 बजे और यमुनोत्री के कपाट 11:55 बजे खोले गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री...

Newswrap हिन्दुस्तान, उत्तरकाशीWed, 30 April 2025 04:52 PM
share Share
Follow Us on
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुले

विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। गंगोत्री धाम के कपाट 10:30 और यमुनोत्री के कपाट ठीक दोपहर 11:55 मिनट पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए। दोनों धामों के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा का भी विधिवत शुभारंभ हो गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी गंगोत्री और यमुनोत्री पहुंचे और उन्होंने मां गंगा, यमुना के दर्शन किए। बुधवार को सुबह सात बजे मां गंगा की डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री के लिए रवाना हुई, जो ठीक साढ़े आठ बजे गंगोत्री धाम पहुंची। जहां तीर्थ पुरोहितों ने विधिवत पूजा अर्चना, गंगा लहरी, गंगा सहस्त्रनाम का पाठ करने के बाद रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ठीक 10:30 मिनट पर अभिजीत मुहूर्त में गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए। वहीं दूसरी ओर सुबह 8:38 बजे मां यमुना की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास खुशीमठ से शनिदेव की डोली की अगुवाई में यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। डोली करीब साढ़े 10 बजे यमुनोत्री धाम पहुंची। जहां विधिवत हवन, पूजा अर्चना के बाद रोहिणी नक्षत्र शुभ योग पर सुबह 11 : 55 बजे पर ग्रीष्म काल के लिए यमुनोत्री मंदिर के कपाट खोले गए। अब ग्रीष्मकालीन के 6 माह तक देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु मां गंगा और यमुना के दर्शन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में ही कर सकेंगे।

पीएम मोदी के नाम​ से हुई पहली पूजा

बुधवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में पूजा अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख समृद्धि के लिए मां गंगा और यमुना से कामना​ की। उन्होंने कहा कि मां गंगा-यमुना की कृपा सभी पर बनी रहे। इस मौके पर धामी ने कहा कि गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो चुका है।

हेलिकॉप्‍टर से बरसाए फूल

चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का देवभूमि आगमन पर स्वागत किया गया। यहां गंगोत्री, यमुनोत्री धाम के कपाट उद्घाटन के मौके पर धामों को पहुंचे श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई। गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा की शुरूआत हो गई है। 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को श्री बदरीनाथ के कपाट खुलेंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।