कांग्रेस ने बाबा साहेब का हमेशा किया है अपमान : अनुराग ठाकुर
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 34 साल बाद 1990 में आंबेडकर को भारत रत्न दिया गया। मोदी सरकार ने आंबेडकर से जुड़े पांच...

-भाजपा के सहयोग से केंद्र में सरकार बनने पर मरणोपरांत 34 साल बाद भारत रत्न दिया गया -मोदी सरकार बनने पर बाबा साहेब से जुड़े पांच स्थलों को तीर्थ स्थल का दर्जा दिया गया आरा। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने सोमवार को बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर को याद करते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला किया। कांग्रेस पर हमेशा अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने 1947 से 1989 तक आंबेडकर जी को किसी तरह का सम्मान नहीं दिया। जब भाजपा के सहयोग से वीपी सिंह की सरकार बनी तो मरणोपरांत 34 साल बाद 1990 में उन्हें भारत रत्न प्रदान किया गया। यही नहीं आंबेडकर के निधन के बाद दिल्ली में दाह संस्कार के लिए दो गज जमीन तक उपलब्ध नहीं कराने वाली कांग्रेस ने उनके पार्थिव शरीर को उनकी पत्नी के पास मुंबई भेज दिया और हवाई जहाज के किराया का बिल भी उनकी पत्नी के पास भेज दिया गया। इसके पूर्व 1952 में भीमराव आंबेडकर जी चुनाव लड़े, तो उनको हराने का भी कार्य किया गया। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उनको हराने के लिए खुद प्रचार किया था। वे आरा के बामपाली स्थित भाजपा के जिला कार्यालय में आयोजित आंबेडकर जयंती पखवारा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। ठाकुर ने कहा कि 1914 में जब नरेंद्र मोदी की सरकार बनी, तो बाबा साहेब से जुड़े पांच स्थलों को तीर्थ स्थल का दर्जा दिया गया। इन स्थलों में जन्म स्थान मऊ, दीक्षा भूमि नागपुर मुंबई, लंदन का वह घर जहां बाबा साहब ने शिक्षा ली और दिल्ली स्थित अलीपुर का घर, जहां बाबा साहब ने अंतिम सांस ली। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दुर्गाराज ने की। मंच संचालन जिला मंत्री ठाकुर दयाल राम और धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री संतोष चंद्रवंशी ने किया। विधान परिषद अनिल शर्मा, निवेदिता सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक, बड़हरा विधायक सह पूर्व मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, तरारी विधायक विशाल प्रशांत, पूर्व विधायक संजय सिंह टाइगर, बिहार बुद्धिजीवी मंच के प्रदेश संयोजक उदय कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, सूर्यकांत पांडे, अशोक शर्मा, जिला पार्षद गंगाधर पांडेय, नरेंद्र तिवारी, संतोष चंद्रवंशी, ममता सिंह, राम दिनेश यादव, सूरजभान सिंह, मधु मिश्रा, ज्योति प्रकाश कुशवाहा, निशांत सिंह सिंगर, धनंजय तिवारी, मिथिलेश पांडे, हरेंद्र पांडे, राजेंद्र तिवारी, महेश पासवान, बलराम सिंह, प्रहलाद राय, प्रोफेसर किस्मत सिंह, शशि शेखर सिंह व अन्य थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।