पति-पत्नी में मिलकर युवक की पीटकर की हत्या, महिला हिरासत में
अररिया के पैकटोला पंचायत के देवरिया गांव में शुक्रवार रात एक युवक मणिकांत सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप कमल किशोर सिंह और उसकी पत्नी अंजली देवी पर है। मृतक के परिवार ने जमीन विवाद के...

अररिया, निज संवाददाता। पैकटोला पंचायत के देवरिया गांव के वार्ड संख्या दो में शुक्रवार की रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि हत्या मामले में मृतक के परिजनों ने पुलिस को खबर लिखे जाने तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।लेकिन पुलिस इस मामले की कई एंगल से पड़ताल करने में जुटी है।मृतक युवक देवरिया गांव के राजेंद्र सिंह का 26 वर्षीय पुत्र मणिकांत सिंह उर्फ मोनू था। मृतक मणिकांत सिंह उर्फ मोनू की पीट-पीटकर की गई हत्या मामले में मृतक युवक के परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।घटना
के संबंध में मृतक के बड़े भाई संजीत कुमार सिंह ने बताया कि उनके पिता राजेंद्र सिंह और आरोपी कमल किशोर सिंह के पिता ममेरे-फुफेरे भाई हैं। जमीन का पैसा लेने के बाद भी जमीन रजिस्ट्री नहीं करने लिए को लेकर पूर्व से उन लोगों के बीच विवाद है। इसी बात को लेकर मणिकांत सिंह और कमल किशोर सिंह के बीच पहले भी मारपीट की घटना हुई थी। शुक्रवार की शाम कमल किशोर सिंह उनकी पत्नी अंजली देवी और उनके परिवार के अन्य लोगों ने मिलकर उनके भाई की पीट-पीट कर हत्या कर दी है। मृतक युवक के चाचा रघुनंदन सिंह ने बताया कि आरोपी कमल किशोर सिंह पूर्व से आपराधिक चरित्र का युवक है। उनका अपराधियों से सांठ-गांठ भी है। जमीन विवाद में उन्होंने उनके भतीजे की पीट-पीट कर हत्या कर दी। इधर इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच अलग-अलग तरह की चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों की माने तो आरोपी कमल किशोर सिंह और मृतक मणिकांत सिंह के बीच एक सप्ताह पूर्व नशा करने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी। आरोपी कमल किशोर सिंह ने उन्हें देख लेने और जान मारने की धमकी दी थी। उसी रंजिश में शुक्रवार की रात कमल किशोर सिंह और उसकी पत्नी अंजली देवी ने मिलकर पीट-पीटकर मणिकांत सिंह की हत्या कर दी। घटना की सूचना के बाद शनिवार की सुबह नगर थाना पुलिस देवरिया गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है। नगर थानेदार मनीष कुमार रजक ने बताया कि मामूली विवाद में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक युवक के शरीर पर जख्म स्पष्ट निशान दिख रहा है।शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।आरोपी कमल किशोर सिंह की पत्नी अंजली देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद घटना के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल मृतक के परिजन के द्वारा आवेदन नहीं दिया गया है। परिजनों के आवेदन मिलने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।