मधुबनी में शराबी पति की पिटाई से गर्भवती की मौत
मधुबनी के मुर्गहवा गांव में शराबी पति बहारन साह ने अपनी गर्भवती पत्नी लक्ष्मीना देवी की बुरी तरह पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को...

मधुबनी, एक प्रतिनिधि। धनहा थाना क्षेत्र के मुर्गहवा गांव में शराबी पति बहारन साह ने गुरुवार रात गर्भवती पत्नी लक्ष्मीना देवी की बुरी तरह पिटाई कर दी। इससे वह बुरी तरह घायल हो गयी। पिटाई के बाद पति घर छोड़कर फरार हो गया। जानकारी मिलने पर यूपी के कुशीनगर जिले के मदनपुर भेड़िहारी से मायके वाले पहुंचे और उसे इलाज के लिए गोरखपुर ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में ही गर्भवती ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। प्रभारी थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया गया है।
परिजनों के आवेदन के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के मदनपुर भेड़िहारी गांव के अशोक साह की पुत्री लक्ष्मीना देवी (25) थी। शादी 2017 में धनहा थाना क्षेत्र के मुर्गहवा गांव में नथुनी साह की पुत्र बहारन साह से हुई थी। लक्ष्मीना देवी गर्भवती थी। गुरुवार की शाम बहारन साह शराब पीकर पत्नी से जमकर मारपीट की। इसमें वह बुरी तरह घायल हो गई। उसकी सूचना पर मायके के लोग मुर्गहवा गांव पहुंचकर गोरखपुर ले जा रहे थे। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। भाई शिवम केसरी ने बताया कि पति की मारपीट से पेट में पल रहे बच्चे की पहले मौत हुई। इससे पेट में दर्द हुआ व इलाज के लिए ले जाते समय मेरी बहन की मौत हो गई। हमलोगों ने पुलिस को सूचना दी। उसे दो वर्ष का एक पुत्र है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।