बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस का दलित दांव, अखिलेश सिंह को हटा राजेश कुमार को बनाया प्रदेश अध्यक्ष
बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस ने राज्य में बड़ा फेरबदल किया है। कुटुंबा विधायक राजेश कुमार को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। जो दलित समुदाय से आते हैं। वहीं अखिलेश प्रसाद सिंह की विदाई हो गई है। राजेश कुमार की नियुक्ति कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आदेश पर हुई है।

बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा अखिलेश प्रसाद सिंह की मंगलवार को विदाई कर दी। अब राज्य में प्रदेश की कमान विधायक राजेश कुमार को सौंपी गयी है। विधानसभा चुनाव को लेकर एआइसीसी द्वारा इस आशय की अधिसूचना महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी कर दी गयी है। राजेश कुमार कुटुंबा (सुरक्षित) सीट से विधायक हैं
आपको बता दें कृष्णा अल्लावरू के बिहार कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद अखिलेश सिंह के हटाए जाने की अटकलें तेज थीं। पिछले दिनों कन्हैया कुमार की यात्रा की घोषणा पर भी अखिलेश की नाराजगी के कयास लगाए जा रहे थे। 12 मार्च को दिल्ली में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश के नेताओं के साथ बैठक होने वाली थी, बताया जा रहा है कि पार्टी में खींचतान की वजह से ही उस बैठक को स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, चार दिन पहले अखिलेश सिंह ने सोशल मीडिया पर पप्पू यादव के साथ वीडियो शेयर कर कहा था कि उनकी कन्हैया कुमार या किसी से भी कोई नाराजगी नहीं है।
राजेश कुमार औरंगाबाद जिले की एससी आरक्षित कुटुम्बा विधानसभा सीट से विधायक हैं । 2015 में पहली बार कांग्रेस के टिकट से विधायक बने। 2020 में भी उन्होने अपनी सीट बरकरार रखी। उन्होंने 50,822 वोट हासिल किए थे। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के श्रवण भुइयां को 16,653 मतों के अंतर से हराया था।