ड्रेस पसंद नहीं आई तो दुल्हन ने तोड़ दी शादी, जयमाला के बाद बाराती बन गए बंधक
मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया कोठी में शादी समारोह के दौरान दुल्हन ने कपड़े पसंद न आने पर शादी से इनकार कर दिया। फिर लड़की वालों ने वैशाली जिले से आए दूल्हा और बारातियों को बंधक बना लिया। उन्हें बाद में पैसे लेकर छोड़ा गया।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। देवरिया कोठी थाना क्षेत्र के बंदी गांव में सोमवार की रात एक दुल्हन ने ड्रेस पसंद नहीं आने पर शादी तोड़ दी। इसके बाद दुल्हन के परिवार वालों ने दूल्हा सहित करीब आधा दर्जन बारातियों को बंधक बना लिया। स्थानीय लोगों ने मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन लड़की वाले मानने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद शादी वाले घर में पुलिस को बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार बाराती खाना खा चुके थे। जयमाला भी हो चुकी थी। दूल्हा और दुल्हन मड़वा में थे। इसी दौरान वर पक्ष द्वारा लाए गए कपड़ों को देखकर दुल्हन नाराज हो गई। उसने तुरंत शादी से इनकार कर दिया। दूल्हा और वर पक्ष के लोगों को बंधक बनाए जाने के बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को थाने ले गई। वहां पर काफी देर तक समझाइश के बाद लड़की वालों ने लड़का पक्ष से 40 हजार रुपये लेकर दूल्हा और बारातियों को छोड़ा।
बताया जा रहा है कि गांव में वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के एतवारपुर पकड़ी निवासी हरिहर राम के पुत्र विकास कुमार की शादी देवरिया थाना के बंदी निवासी मोहन राम की पुत्री आशा कुमारी से बीते आठ माह पहले तय हुई थी। सोमवार की रात बारात आयी। जयमाला के बाद दूल्हा मंडप में गया। वहां वर पक्ष द्वारा लाए गए कपड़े को देखकर वधू पक्ष के लोग नाराज हो गए। दोनों पक्षों में विवाद होने लगा।
विवाद को देखते हुए दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। मामला बिगड़ता देखकर बारात पक्ष भागने लगे। इसी बीच दूल्हा सहित करीब आधा दर्जन बारातियों को बंधक बना लिया गया। थानाध्यक्ष रामविनय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने शादी करने पर सहमति नहीं जताई। लड़की ने उस लड़के से शादी करने से साफ इनकार कर दिया। लड़की पक्ष द्वारा बंधक बने दूल्हा और बारातियों को छोड़ दिया गया।