बिहार में आसमानी आफत!मधुबनी में बिजली गिरने से तीन की मौत, दरभंगा में भी गई जान; नवादा में 4 झुलसे
- दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के लदहो कटैया गांव में बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान वज्रपात से एक बुजुर्ग की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक स्व. लखन चौपाल के 68 वर्षीय पुत्र जवाहर चौपाल थे। बारिश के दौरान वह खेत थ्रेसरिंग हुई गेहूं लाने गए थे। इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आ गए।

बिहार में अचानक मौसम ने करवट ली है और कई जिलों में बारिश और वज्रपात की सूचना है। बिहार में बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है तो वहीं कुछ जगहों पर बारिश और वज्रपात कहर बनकर भी इंसानों पर टूटा है। राज्य के अलग-अलग जिलों में कई हादसे हुए हैं। मधुबनी जिले में वज्रपात की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई है। यहां बुधवार सुबह आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। जिसमें दो महिला और एक पुरुष शामिल है। दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में घटना हुई। एक घटना झंझारपुर थाना क्षेत्र के पिपरौलिया पंचायत वार्ड 4 में हुई, जबकि दूसरी घटना रुद्रपुर थाना क्षेत्र के ननौर पंचायत स्थित अलपुरा गांव वार्ड 10 में हुई। दोनों ही घटना में आकाश में बादल देख लोग गोइठा एवं गेहूं की कटी फसल को ढकने के लिए गए थे। तभी आकाशीय बिजली के चपेट में आ गए। तत्काल ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बारिश में अपने गोइथा को ढकने के लिए गई 47 वर्षीय महिला के शरीर पर ठनका गिर गया। तत्काल मौत हो गई। मृत महिला की पहचान वार्ड 4 निवासी रमन कुमार महतो की पत्नी दुर्गा देवी (47 वर्ष)के रूप में हुई है। दुर्गा देवी के पति रमन कुमार महतो दो दिन पूर्वी मजदूरी करने पंजाब गए हुए थे। मौत की सूचना मिलते ही वह वापसी का ट्रेन पकड़ रहे हैं। अररिया संग्राम थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि बॉडी पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। आपदा के तहत हुई मौत की जानकारी आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को भी दी जा रही है।
दूसरी घटना अंधराठाढ़ी प्रखंड के रुद्रपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ननौर पंचायत के अलपुरा गांव में घटित हुई। बुधवार की सुबह आकाश में बादल को देख घर से लगभग 300 मीटर दूर काटे गए गेहूं के बोझ को पॉलिथीन से ढकने के लिए दोनों पिता-पुत्री खेत गए थे। उनके साथ उनका पुत्र भी गया था। अचानक ठनका गिरी। जिसकी चपेट में पिता-पुत्री दोनों आ गए और दोनों की मौत वहीं पर हो गई। जबकि पुत्र बाल बाल बचे। वह दहशत में है। जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया है। रुद्रपुर थानाध्यक्ष आयशा कुमारी ने बताया कि सूचना मिली है। पोस्टमार्टम के लिए तैयारी की जा रही है। आकाशीय बिजली से एक साथ हुई तीन मौत से दोनों पंचायत में मातम छाया हुआ है।
दरभंगा जिले में एक की मौत
इधर दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के लदहो कटैया गांव में बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान वज्रपात से एक बुजुर्ग की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक स्व. लखन चौपाल के 68 वर्षीय पुत्र जवाहर चौपाल थे। बारिश के दौरान वह खेत थ्रेसरिंग हुई गेहूं लाने गए थे। इसी दौरान वज्रपात उसके शरीर पर ही गिर गया जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। घटना करीब सुबह 7:45 बजे की बतायी जा रही है। इसकी जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों एवं गांव में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ आदित्य शंकर एवं थाने के पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले में कागजी प्रक्रिया की जा रही है।
नवादा में वज्रपात से 4 लोग झुलसे
वहीं नवादा जिले के वारिसलीगंज में वज्रपात की चपेट में आने से चार लोग झुलस गए हैं। थाना क्षेत्र के मिल्की गांव स्थित दो मंजिला मकान पर बुधवार की सुबह घटना हुई है। इसमें घर में रहे चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घर का चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया है। पीएचसी में इलाज के बाद सभी चारों को सदर अस्पताल नवादा रेफर किया गया है।