पूर्वी सरेन के वार्ड चार में पेयजल के लिए लोग परेशान
मखदुमपुर, निज संवाददाता। आपूर्ति नहीं पहुंचने से सैकड़ो घर के लोगों को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मखदुमपुर, निज संवाददाता। प्रखंड की पूर्वी सरेन पंचायत के अंतर्गत वार्ड संख्या चार में पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है। इस वार्ड के अंतर्गत टेहटा बाजार के राजायन मोहल्ला और कन्या मध्य विद्यालय का क्षेत्र आता है। इस वार्ड में नल जल की आपूर्ति सभी घरों तक नहीं पहुंच रही है। आपूर्ति नहीं पहुंचने से सैकड़ो घर के लोगों को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड के लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ पानी की आवश्यकता अधिक हो गई है। चापाकल अधिकांश खराब हो गए हैं। बहुत कम लोगों के पास समरसेबल की सुविधा है।
बहुत लोगों को दूसरे जगह से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। पानी की कमी के कारण अच्छे तरीके से स्नान भी नहीं हो पा रहा है। जिनके घरों में पशु हैं उनकी परेशानी तो और बढ़ गई है। कुछ लोगों ने बताया कि दूसरे घर से पानी लाने पर लोग कड़वी बात भी कह देते हैं। सुबह शाम जब नल का पानी आता है तो दूसरे मोहल्ले से जाकर लाना पड़ता है। मोहल्ले की गीता देवी ने बताया कि देवी मंदिर के प्रांगण में चापाकल है। वहां से पानी लाना पड़ रहा है। इस संबंध में वार्ड के उपसरपंच अविनाश कुमार ने बताया कि पेयजल की समस्या इस वार्ड में हमेशा से बनी हुई है। अधिकारियों से मिलकर लोग थक हार गए हैं। उन्होंने बताया कि हम लोगों के वार्ड में नल जल का बोरिंग नहीं है। वार्ड संख्या 6 के बोरिंग से आपूर्ति की जाती है। दूरी अधिक हो जाने के कारण पानी पहुंच नहीं पता है। वहां से पानी आने में बहुत बर्बाद होता है जगह-जगह पर पाइप लीकेज है। एक तरफ भारी मात्रा में पानी की बर्बादी हो रही है तो दूसरे तरफ सैकड़ो घर में पानी नहीं पहुंच रहा है। इस वार्ड में नल जल के लिए बोरिंग करने की मांग जनता के द्वारा कई वर्षों से की जा रही है। ताकि सभी घरों तक स्वच्छ पानी पहुंच सके। इस संबंध में पीएचडीई के जेई मो असदुद्दीन अंसारी ने बताया कि ग्रामीणों के द्वारा सूचना मिली है। उसके बाद वार्ड का दौरा कर समस्या की जानकारी ली गई है। उसे क्षेत्र में पेयजल की समस्या गंभीर है। वार्ड के अंतर्गत एक नया बोरिंग करने की जरूरत है जिसके लिए प्रयास शुरू कर दिया गया है। फोटो- 11 मई जेहाना- 07 कैप्शन- मखदुमपुर प्रखंड के वार्ड चार के सरेन में दूसरे जगह से पानी लाते लोग।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।