Bride Runs Away with Lover After Wedding Ceremony in Asarganj जयमाल के बाद सात फेरे लने से पहले प्रेमी संग फरार हो गयी दुल्हन, Munger Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMunger NewsBride Runs Away with Lover After Wedding Ceremony in Asarganj

जयमाल के बाद सात फेरे लने से पहले प्रेमी संग फरार हो गयी दुल्हन

असरगंज में एक शादी समारोह के दौरान दुल्हन ने वरमाला के बाद अपने प्रेमी के साथ भाग जाने का साहसिक कदम उठाया। शादी के मंडप पर जाने से पहले ही वह गायब हो गई, जिससे बारातियों में हंगामा मच गया। पुलिस ने...

Newswrap हिन्दुस्तान, मुंगेरFri, 25 April 2025 03:01 AM
share Share
Follow Us on
जयमाल के बाद सात फेरे लने से पहले प्रेमी संग फरार हो गयी दुल्हन

असरगंज, निज संवाददाता। बुधवार की रात असरगंज में एक शादी समारोह के दौरान हुई घटना किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दुल्हन बनी एक लड़की वरमाला के बाद अपने प्रेमी संग फरार हो गयी। मजे की बात यह रही कि सात फेरे लेने के पहले लड़की भाग निकली। दुल्हन के भागने पर बारातियों ने हंगामा किया। अंतत: दुल्हे को दुल्हन के बिना ही वापस लौटना पड़ा। यह मामला असरगंज प्रखंड के एक गांव का है। घर में शादी का माहौल था। तैयारी में सभी लगे थे। रात होने पर गाजे-बाजे के साथ बारात आयी। जयमाल हुआ। जयमाल में लड़का लड़की ने एक दूसरे के गले में माला पहनाया। इसके बाद दुल्हन अपने कमरे में चली गयी। बाराती भोजन करने लगे। शादी के लिए दुल्हा को मंडप पर ले जाया गया। दुल्हन को मंडप पर लाने के लिए घर के लोग जब उसके कमरे में गये तो लड़की गायब थी। घटना को लेकर लड़की के पिता ने असरगंज थाना में अज्ञात के विरुद्ध आवेदन दिया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

घर वालों ने खोजबीन शुरू की तो पता चला कि वह अपने प्रेमी के साथ भाग गयी है। दुल्हन के प्रेमी संग भागने की खबर से लोग सन्न रह गये। इस बात की जानकारी होते ही बारात पक्ष के लोग उग्र हो गए और हो हंगामा करने लगे। ग्रामीणों की सूचना पर 112 गश्ती पुलिस पहुंची एवं आक्रोशित वर पक्ष के लोगों को समझा बूझाकर शांत किया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। रिश्तेदारों ने बताया कि एक साल पहले शादी तय हुई थी। विश्वास नहीं हो रहा है कि वरमाला के बाद लड़की प्रेमी संग भाग जाएगी। गांव में जिसने भी लड़की की करतूत को सुना हैरत में पड़ गये। बेटी के भागने से घर वाले मायूस थे। शादी का उत्सवी माहौल सन्नाटे में बदल गया। वरमाला के बाद लड़की के प्रेमी संग फरार होने का मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।