साकेतपुरी में हथियारबंद चोरों ने चार घरों पर किया हाथ साफ
मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में हथियारबंद चोरों ने एक ही रात में चार घरों से 10 लाख से अधिक की चोरी की। चोरों ने पड़ोसी को गोली मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज किया है और सीसीटीवी फुटेज के...

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। सदर थाना क्षेत्र में हत्या, डकैती, छिनतई और चोरी की घटनाएं आम बात हो गई है। पुलिस की निष्क्रियता से अपराधी बेखौफ हो चुके हैं। बीबीगंज साकेतपुरी स्थित गली नंबर तीन में एक के बाद एक चार घरों में हथियारबंद चोरों ने 10 लाख से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ किया। हद तो यह हो गई कि एक घर में चोरी करते पड़ोसी ने चोरों को देखकर शोर मचाया तो चोरों ने गोली मारने की धमकी तक दे डाली। यानी डकैती के अंदाज में चोरी की गई। घटना के बाद पीड़ितों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुट गई है। बेखौफ हथियारबंद चोरों के उत्पात से पूरे इलाके में भय का माहौल है। दूसरी ओर अपने तरह की डकैती के अंदाज में चोरी की घटना से लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। मोहल्लेवासियों ने पुलिस की गश्ती दलों पर भी सवाल उठाया है। एनआरआई के घर से गहना और चार सौ डॉलर उड़ाये पीड़ित गृहस्वामी एनआरआई जय प्रकाश सिंह ने बताया कि चोरी के दौरान पड़ोसी विजय कुमार की नींद खुली। उन्होंने चोर-चोर चिल्लाया तो उनकी पड़ोसी सुनीता सिंह जग गईं। वह बाहर आईं तो हथियारबंद चोरों ने उन्हें गोली मारने की धमकी देने लगे, लेकिन सुनीता सिंह ने दिलेरी से उनका सामना किया। जब वह चोरों की तरफ दौड़ीं तो सभी चोर भाग गए। जय प्रकाश व मोहल्ला के लोगों का आरोप है की यह चोरी नहीं डकैती है। बदमाशों की संख्या पांच थीं। उनके पास हथियार थे। जय प्रकाश ने बताया कि वह मूल रूप में बरुराज थाना क्षेत्र का रहने वाला है। तीन साल से साकेतपूरी गली नंबर तीन में किराए के मकान में रहता है। रविवार की रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सोया हुआ था। चोरी खिड़की का ग्रिल तोड़कर कमरा में घुस गए। ट्रंक में रखे करीब पांच लाख का गहना और चार सौ डॉलर चुरा ले गये। पड़ोसी के हल्ला करने पर उनकी नींद खुली तो घटना की जानकारी मिली। उसने बताया कि वह साउथ अफ्रीका में होटल मैनेजर है। मोहल्ले के तीन अन्य घरों में लाखों की चोरी एनआरआई के घर के ठीक पीछे केके सिंह के घर में एक कमरा का खिड़की तोड़कर चोर घुसे। घर में रखा आभूषण उड़ा ले गए। सिंह अपने परिवार के साथ किसी संबंधी के यहां गए हुए थे। इस गैंग ने पीके सिंह व नीतीश कुमार के घर को भी निशाना बनाया। लाखों के आभूषण व अन्य सामान चोरी कर गये। सिटी एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के चार घर में चोरी हुई है। घटनास्थल और आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला जा रहा है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस मोहल्ले में वर्ष 2023 में भी हुई थी चोरी वर्ष 2023 में छठ पूजा के समय भी उस मोहल्ले के पीके सिंह के अलावा अन्य घरों में चोरी हुई थी। तब सदर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने दावा किया था कि चोरों की पहचान कर ली गई। वह पूर्वी चंपारण का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। पीके सिंह का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आज तक पुलिस घटनास्थल देखने तक नहीं आई। चोरों को पकड़ने की बात तो दूर। उस घटना में भी चोरों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हुई थी। पुलिस निष्क्रिय है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।