पोर्टल पर पंजीयन कराएं कलाकार, डिजिटल से मिलेगी पहचान
बिहार सरकार ने नवादा सहित सभी जिलों के कलाकारों के लिए एक डिजिटल पंजीयन पोर्टल लॉन्च किया है। इस पोर्टल का उद्देश्य कलाकारों को डिजिटल पहचान देना, उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति सुधारना और सांस्कृतिक...

नवादा, नगर संवाददाता नवादा सहित बिहार के सभी जिलों के कलाकारों को डिजिटल रूप से जोड़ने की दिशा में पहल की गई है। इसके लिए कलाकार पंजीयन पोर्टल बनाया गया है। यह पोर्टल बिहार के कलाकारों को डिजिटल रूप से जोड़ेगा। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी प्रतिभा कुमारी ने बताया कि जानकारी दी कि कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार द्वारा राज्य के कलाकारों को एक साझा मंच प्रदान करने हेतु बिहार कलाकार पंजीयन पोर्टल का निर्माण किया गया है। इस पोर्टल का लोकार्पण पिछले माह मंत्री, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार द्वारा किया गया। यह पोर्टल बिहार के कलाकारों को डिजिटल रूप से जोड़ने की दिशा में एक अभिनव पहल है।
पोर्टल का आधिकारिक लिंक है - https://artistregistration.bihar.gov.in है। इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य नवादा सहित राज्य के कलाकारों को डिजिटल पहचान प्रदान करना, उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाना, उनकी सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करना तथा बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रसारित करना है। यह पोर्टल कलाकारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, पुरस्कारों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने में एक प्रभावी माध्यम सिद्ध होगा। पोर्टल पर कलाकारों की जानकारी जिलेवार एवं कला विधा (जैसे - शास्त्रीय नृत्य, गायन, लोकगीत, नाट्य विधा, चित्रकला, मूर्तिकला, मंच संचालन इत्यादि) के अनुसार उपलब्ध कराई जाएगी। यह जानकारी भारत के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के लिए सुलभ होगी, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर कलाकारों की पहचान को बढ़ावा मिलेगा तथा सहयोग की संभावनाएं सशक्त होंगी। पोर्टल पर यूजर मैनुअल एवं आवश्यक दिशा-निर्देश भी उपलब्ध हैं, जिससे पंजीयन की प्रक्रिया सरल, सुगम एवं सहज बनी हुई है। कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने जिले के सभी संबंधित विभागों, संस्थानों एवं सांस्कृतिक संगठनों से अपील की है कि नवादा जिले के अधिकतम कलाकार इस पोर्टल पर अपना पंजीयन कर लाभ प्राप्त करें एवं बिहार की सांस्कृतिक समृद्धि में योगदान दें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।