Land Dispute Leads to Violence and Firing in Nawada 8 Arrested विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर मारपीट, पथराव और फायरिंग, दो लोग घायल, Nawada Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsNawada NewsLand Dispute Leads to Violence and Firing in Nawada 8 Arrested

विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर मारपीट, पथराव और फायरिंग, दो लोग घायल

नवादा के नारदीगंज थाना क्षेत्र में महादलित बस्ती पंडुपा में एक विवादित भूमि पर कब्जा को लेकर मारपीट और फायरिंग की घटना हुई। इस दौरान दबंगों द्वारा कई राउंड फायरिंग की गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए।...

Newswrap हिन्दुस्तान, नवादाThu, 22 May 2025 11:26 AM
share Share
Follow Us on
विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर मारपीट, पथराव और फायरिंग, दो लोग घायल

नवादा/नारदीगंज, हिप्र/संसू। जिले के नारदीगंज थाना से करीब पांच सौ मीटर दूर महादलित बस्ती पंडुपा में एक विवादित भूमि पर कथित कब्जा को लेकर मारपीट, रोड़ेबाजी व फायरिंग की घटना हुई। घटना बुधवार की दोपहर बाद की है। आरोप है कि दबंगों द्वारा इस दौरान दहशत फैलाने को लेकर कई राउंड फायरिंग की गयी। जिसके उपरांत रोड़ेबाजी की घटना हुई। जिसमें दोनों ओर से दो लोग घायल हो गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने कथित रूप से भूमि पर कब्जा करने आये 08 बाहरी लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चार रायफल व एक रिवाल्वर समेत पांच हथियार, 0.315 बोर के 94 व रिवाल्वर के 15 जिन्दा कारतूस जब्त किये गये हैं।

साथ ही तीन लग्जरी वाहन भी जब्त किये गये हैं। इनमें एक फॉर्चूनर, एक थार व एक पंच कार शामिल हैं। घटनास्थल से पुलिस ने कारतूस के चार खोखे बरामद किये हैं। गिरफ्तार किये गये लोगों में भोजपुर जिले का एक, नालंदा जिले का एक, डुमरांव का दो, पालीगंज का दो, शेखपुरा का एक व नौबतपुर का एक आरोपित शामिल हैं। वहीं घायलों में पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के नदवां गांव का अरविन्द सिंह उर्फ अरविन्द पहलवान व पंडुपा गांव का अर्जुन रविदास शामिल हैं। एसपी के साथ कई थानों की पुलिस पहुंची घटना की सूचना पर नवादा के एसपी अभिनव धीमान के अलावा सदर एसडीओ अखिलेश कुमार, सदर एसडीपीओ-01 हुलास कुमार, प्राबेशनर डीएसपी संतोष कुमार पासवान, नारदीगंज सीओ रईस आलम व नारदीगंज थानाध्यक्ष प्रभा कुमारी के अलावा हिसुआ थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह व मुफस्सिल थानाध्यक्ष मृत्युंजय कमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पहुंच गयी। इसके बाद नारदीगंज थाना से लेकर पंडुपा गांव तक का इलाका पूरी तरह से छावनी में तब्दील हो गया। इस दौरान एसपी ने दोनों पक्षों से बातचीत की व अधिकारियों से घटना के बारे में पूरा ब्यौरा लिया। एसपी ने विधि व्यवस्था को लेकर पुलिस को कई निर्देश दिये। मजिस्ट्रेट व पुलिसबल तैनात एसपी के निर्देश पर घटनास्थल पर दो सेक्शन फोर्स व मजिस्ट्रेट तैनात कर दिये गये हैं। नारदीगंज थाना को अलर्ट कर दिया गया है। उस इलाके में पेट्रोलिंग करायी जा रही है। घटना के बाद उस इलाके में दहशत का माहौल बना है। गेट लगाने आये थे दबंग बताया जाता है कि घटनास्थल पर विवादित भूमि में अरविन्द सिंह के नेतृत्व में दबंग गेट लगाने आये थे। जिसका वहां पर बसे करीब 100 घर महादलित परिवारों ने विरोध किया। महादलित परिवारों का कहना था कि उन्हें इस भूमि का वासगीत पर्चा सरकार की ओर से मिला हुआ है। वहीं दबंगों का कहना था कि उनके पास भी जमीन का कागज है। यह जमीन रैयती है। जिसे उनलोगों ने खरीदा है। इसी बात पर दोनों ओर से विवाद शुरू हुआ। जिसके बाद रोड़ेबाजी, मारपीट व फायरिंग की घटना हुई। 21 एकड़ है विवादित भूमि पंडुपा में 21 एकड़ जमीन का वर्षों से विवाद चल रहा है। जिसे रैयती बताकर दबंगों द्वारा समय-समय पर उस पर कब्जे का प्रयास किया जाता रहा है। उस भूमि पर सौ के करीब महादलित परिवार बसे हैं। बताया जाता है कि सरकार द्वारा पांच एकड़ जमीन का पर्चा महादलित परिवारों को दिया जा चुका है। यह भी बताया जाता है कि कथित 21 एकड़ जमीन का म्यूटेशन रद्द कर दिया गया है। परंतु दबंग फिर भी इस भूमि पर अपना दावा पेश करते रहे हैं। दो प्राथमिकी होगी दर्ज एसपी के मुताबिक इस मामले में दो प्राथमिकी दर्ज करायी जा रही है। पहली प्राथमिकी माारपीट व फायरिंग से जुड़ी है। दूसरी प्राथमिकी हथियारों के मॉडिफिकेशन को लेकर अवैध हथियार की धाराओं के तहत की जा रही है। वर्जन अरविन्द सिंह पक्ष के लोगों द्वारा पंडुपा गांव में भूमि विवाद में गोलीबारी की गयी है। उस जमीन पर करीब 100 घर महादलित परिवार के लोग बसे हैं। घटनास्थल से चार खोखा बरामद किया गया है। रोड़ेबाजी में दो लोग घायल हुए हैं। मौके से पांच हथियार व 109 कारतूस जब्त किये गये हैं। तीन लग्जरी वाहन भी जब्त किये गये हैं। फोर्स व मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त किये गये हैं। एसडीएम व सीओ से जमीन का ब्यौरा मांगा गया है। - अभिनव धीमान, एसपी, नवादा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।