बारिश नहीं पर मौसम बना रहा सुहाना, तापमान में हुई मामूली वृद्धि
नवादा में बंगाल की खाड़ी में चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है। शनिवार को बारिश नहीं हुई, लेकिन तापमान में मामूली वृद्धि हुई। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि...

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। बंगाल की खाड़ी में प्रति चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदले मौसम ने गुरुवार के बाद शुक्रवार की हल्की बारिश के बाद शनिवार से अपना मिजाज बदलना शुरू कर दिया था, जो रविवार को साफ-साफ दिखा। रविवार को जिले भर में कहीं भी बारिश नहीं हुई लेकिन मौसम सुहाना बना रहा। तापमान में मामूली वृद्धि रही। बंगाल की खाड़ी में बने प्रति चक्रवात के कारण नमी की मात्रा आने से मौसम का मिजाज बिगड़ा तो गर्मी से राहत मिली। इसके साथ ही पश्चिमी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से भी नमी आयी। दोनों सिस्टम के असर से बादल के साथ बीते दिनों में जिले भर में हल्की बारिश हुई। कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बादल भी गरजे। लेकिन रविवार को मौसमी सिस्टम के कारण मौसम के मिजाज में बीते दो दिनों की अपेक्षा बदलाव रहा। हालांकि रविवार को भी जिले भर में बादल छाए रहे लेकिन धूप सुबह से ही निकली रही। रविवार को हल्की बारिश होने के साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताई गयी थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं रहा। मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि सोमवार से मौसम बदलने लगेगा। अधिकतम तापमान बढ़ा मामूली तौर पर रविवार को जिले के अधिकतम तापमान में मामूली रूप से वृद्धि रही। हालांकि मौसम का सुहानापन बरकरार रहा। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस बना रहा। इधर, औसतन 30 से 32 डिग्री सेल्सियस अधिकतम जबकि 15 से 18 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान बने रहने का अनुमान है। हवा की गति आठ किमी जबकि नमी अब भी 22 प्रतिशत तक बनी हुई है। हालांकि मौसम में लगातार शुष्कता बढ़ती जा रही है। इस बीच सोमवार को महज एक प्रतिशत बारिश की संभावना दिख रही है। ------------------- अगले 24 घण्टे में मौसम में होता जाएगा बदलाव नवादा। आज के मौसम प्रणाली की जानकारी देते हुए कृषि मौसम वैज्ञानिक रौशन कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ मंडल स्तर में एक गर्त के रूप में बना हुआ रहा, जिसकी दूरी समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर रही, जो मोटे तौर पर देशांतर 74 डिग्री पूर्व से अक्षांश 32 डिग्री उत्तर के उत्तर में स्थित रहा। मध्य प्रदेश के मध्य भागों पर ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक बना हुआ रहा। गर्त हवा का संतुलन दक्षिण छत्तीसगढ़ से तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक होते हुए दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक औसत समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर रहा। पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा में चक्रवातीय हवाओं का क्षेत्र समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक बना हुआ रहा। 24 मार्च सोमवार की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। अगले 24 घंटे के तापमान के पूर्वानुमान की बात की जाए तो तापमान में क्रमिक वृद्धि होने का पूर्वानुमान है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।