भीषण गर्मी झेल रहे धनबाद को आज से मिल सकती है राहत
धनबाद में पिछले एक हफ्ते से भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों को 26 अप्रैल से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया था,...

धनबाद, प्रमुख संवाददाता। बीते एक हफ्ते से भीषण गर्मी झेल रहे धनबाद के लोगों को शनिवार से राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 26 अप्रैल से गर्मी से राहत की संभावना जताई है। शनिवार से मौसम बदलेगा। तेज आंधी चलेगी और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। धनबाद में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आंकड़े को पार करते हुए 41 डिग्री तक पहुंच गया है। भीषण गर्मी का असर स्कूली बच्चों पर सबसे अधिक पड़ा है। गुरुवार को जगजीवन नगर स्थित सरकारी विद्यालय के बच्चे के नाक से खून निकलने लगा और वह बेहोश होकर गिर गया। गर्मी ने सभी को परेशान कर दिया है। गर्मी की वजह से न दिन में चैन और न रात में सुकुन मिल रहा है। लोगों को अब बस बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को पूरे झारखंड में बारिश की संभावना जताई है। बारिश होने के बाद ही अधिकतम नीचे गिरकर 36 डिग्री तक पहुंचेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। दो दिनों तक धनबाद का मौसम सुहाना रहेगा।
भीषण गर्मी में ही स्कूल पहुंचे छोटे बच्चे: राज्य सरकार ने स्कूलों के समय में 26 अप्रैल से बदलाव किया है। ऐसे में शुक्रवार को शहर के सभी सरकारी और निजी विद्यालय अपने पुराने समय पर ही खुले। ऐसे में छोटे बच्चे शुक्रवार को भीषण गर्मी झेलते हुए ही स्कूलों तक पहुंचे। शनिवार से स्कूलों के समय में बदलाव होगा और तबतक मौसम भी बदलने की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।