Congress Launches Women s Campaign to Address Issues in Bihar कांग्रेस का घोषणा पत्र महिलाओं की आवाज बनेगा : अलका, Patna Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsPatna NewsCongress Launches Women s Campaign to Address Issues in Bihar

कांग्रेस का घोषणा पत्र महिलाओं की आवाज बनेगा : अलका

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र महिलाओं की आवाज बनेगा। महिला कार्यकर्ता 20 अप्रैल से 31 मई तक बिहार के 534 प्रखंडों में महिलाओं के मुद्दों पर...

Newswrap हिन्दुस्तान, पटनाFri, 18 April 2025 07:44 PM
share Share
Follow Us on
कांग्रेस का घोषणा पत्र महिलाओं की आवाज बनेगा : अलका

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र महिलाओं की आवाज बनेगा। इसके लिए कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता 20 अप्रैल से 31 मई तक बिहार के सभी 534 प्रखंडों में महिलाओं के बीच जाकर उनकी विभिन्न समस्याओं और मुद्दों पर चर्चा करेंगी। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में विधानसभा चुनाव को लेकर ‘महिला की बात, कांग्रेस के साथ कैंपेन लॉन्च करने के बाद वे प्रेस को संबोधित कर रही थीं। लांबा ने कहा कि हम भाजपा की तरह पूंजीपतियों को ध्यान में रखकर बंद कमरों और एसी कार्यालयों में बैठकर घोषणा पत्र नहीं बनाते हैं, बल्कि गांवों और सड़कों पर जाकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर चुनावी घोषणापत्र का निर्माण करते हैं। इस कैंपेन से महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता महिलाओं से लोकसभा वार, जिला वार, विधानसभा वार और प्रखंड वार जाकर सीधा संवाद स्थापित करेंगी। महंगाई, कमाई, दवाई, पढ़ाई और सुरक्षा पर महिलाओं से खुला संवाद होगा। महिलाओं से संवाद और सुझाव को चुनावी घोषणा पत्र में स्थान देंगे। इसके लिए पटना में दो दिनों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। क्या कांग्रेस विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 50 फीसदी सीट देगी? इस पर लांबा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया है कि जल्द प्रदेश कार्यकारिणी गठित होगी। इसमें 50 प्रतिशत महिलाएं होंगी। विधानसभा चुनाव में भी महिलाओं को न्यूनतम 30 प्रतिशत सीटें मिलने की उम्मीद है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। महागठबंधन की सरकार बनने पर महिलाओं की उम्मीदों के अनुसार काम होगा। मौके पर कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता डॉ. शकील अहमद खान, विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता डॉ. मदन मोहन झा, विधायक प्रतिमा कुमारी दास, प्रदेश मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, प्रदेश महिला अध्यक्ष शरवत जहां फातिमा, पूर्व विधायक अमिता भूषण मौजूद थीं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।