भगवान परशुराम जन्मोत्सव शोभा यात्रा धूमधाम से निकली
भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर शुक्रवार को पटना में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा का आरंभ पंच शिव मंदिर से हुआ और यह संत पशुपति नाथ वेद विद्यालय पहुंची। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग...

भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर शुक्रवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे श्रद्धा, उत्साह के साथ शामिल हुए। सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक इस शोभायात्रा का शुभारंभ शाम 3 बजे कंकड़बाग स्थित पंच शिव मंदिर से हुई। यात्रा को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश मिश्रा ने भगवान परशुराम की आरती उतार कर रवाना किया। शोभायात्रा चिरैयाटांड़ पुल, पटना जंक्शन हनुमान मंदिर, डाकबंगला चौराहा, तारामंडल से होती हुई संत पशुपति नाथ वेद विद्यालय पहुंची, जहां केंद्रीय कोयला मंत्री सतीश चन्द्र दुबे की ओर से भगवान परशुराम की आरती उतारी गई। शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में सजे अनेक झांकियों ने भगवान परशुराम के जीवन चरित्र और उनके योगदान को चित्रित किया।
ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और धार्मिक गीतों के साथ निकली यह यात्रा नगरवासियों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनी रही। मौके पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत पुष्प वर्षा और जलपान वितरण के माध्यम से किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ब्रजेश मिश्रा, सौरभ मिश्रा, रजनीश तिवारी, जीतेन्द्र मिश्रा, राघवेन्द्र तिवारी, सागर उपाध्याय, विष्णु दत्त पाठक, आनंद मिश्रा, गुल्लू बाबा, चंदन तिवारी और अभिज्ञान मिश्रा सहित कई लोग शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।