आज से भीषण गर्मी के आसार, 40 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता।पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में पिछले कुछ दिनों से जारी मौसमी उतार-चढ़ाव के बाद 8 मई को मौसम में काफी ज्या

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में पिछले कुछ दिनों से जारी मौसमी उतार-चढ़ाव के बाद 8 मई को मौसम में काफी ज्यादा बदलाव की उम्मीद है। अनुमान लगाया जा रहा है कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है। बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री के करीब पहुंच गया। रिकॉर्ड के मुताबिक बुधवार का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि सुबह की आद्रता 74 प्रतिशत और शाम की आद्रता 51 प्रतिशत रही। दिन भर लोगों ने उमस भरी गर्मी का सामना किया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग और मौसम विशेषज्ञों के पूर्वानुमान के अनुसार मौसम साफ और धूप वाला रहेगा।
हालांकि सुबह के समय हल्के बादल छाए रह सकते हैं। एक अन्य अनुमान के अनुसार 8 मई को पूर्णिया में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दिन के समय तेज धूप और गर्मी का प्रकोप रहेगा। दोपहर में मौसम शुष्क रह सकता है और आर्द्रता का स्तर 30 प्रतिशत से 45 प्रतिशत के बीच रह सकता है। गर्म हवाओं के कारण असहजता बनी रह सकती है। हवा की गति 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहेगी और दिन के समय गर्म और शुष्क हवाएं चल सकती हैं। बंगाल की खाड़ी से नम हवाओं का प्रभाव कम होने के कारण बारिश या गरज-चमक की संभावना न के बराबर है। मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी से सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों को दिन के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। बताया गया है कि अगले एक सप्ताह तक प्रचंड गर्मी का आलम रहेगा। ऐसे में स्वास्थ्य के प्रति लोगों को सचेत रहना होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।