दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या
बिथान थाना क्षेत्र के उजान गांव में दहेज के लालच में नवविवाहिता नेहा कुमारी की हत्या कर दी गई। उसकी शादी 1.5 साल पहले हुई थी, लेकिन ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग की। जब नेहा अपने मायके लौट आई,...

बिथान। बिथान थाना क्षेत्र के उजान गांव में पिछले दिनों दहेज के लालच में नवविवाहिता को हत्या कर लाश को गायब कर दिया गया। मृतका की पहचान दरभंगा जिले के तिलकेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के सुघराई गांव निवासी बजरंगी मुखिया की 22 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी के रूप में की गई। नेहा की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उजान गांव निवासी मदन मुखिया पिता गरभू मुखिया के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार धूमधाम से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी थी। बकाया रकम न मिलने पर बेटी को प्रतिदिन मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
कुछ दिन पहले नेहा अपने मायके लौट आई थी और वह दोबारा ससुराल नहीं जाना चाहती थी। लेकिन घटना के दो दिन पहले उसके पति और ससुर जबरन विदाई कराकर उसे उजान गांव ले गए। इसके बाद से उसकी पुत्री गायब है। बिथान थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तो परिवार के सभी सदस्य घर बंद करके फरार थे। इस घटना में पुलिस ने शंक के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। हालांकि अब तक शव बरामद नहीं हो सका है। बिथान थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने बताया कि मृतका की मां द्वारा दिए गए फर्द बयान और आवेदन के आधार पर पति ससुर समेत 13 लोगों नामजद प्राथमिकी दर्ज किया गया है। दोषियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।