दोस्तों संग गया था घुमने, हत्या कर झाड़ियों में फेका, पुलिस को पता चलने पर एक ने जहर खाया
सोनबरसा के भलुआहा गांव में 16 वर्षीय किशोर प्रिंस महतो की हत्या उसकी दोस्तों ने चाकू से गोदकर कर दी। शव झाड़ियों में मिला। एक आरोपी नीतीश राय को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी कृष्ण कुमार...

सोनबरसा। कन्हौली थाना क्षेत्र के भलुआहा गांव से चार दिनों से लापता किशोर प्रिंस महतो (16) की उसकी दोस्तों ने ही चाकू से गोदकर हत्या कर दी है। उसका शव पुलिस ने झाड़ियों से बरामद किया है। प्रिंस भलुआहा गांव निवासी फेंकन महतो का पुत्र था। हत्या के कारणों के बारे में नहीं पता चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मामले में एक हत्यारोपित नीतीश राय को गिरफ्तार कर लिया है। उसे भी चोटें आयी हैं। दूसरे हत्यारोपित कृष्ण कुमार ने गिरफ्तारी के डर से जहर खा लिया है। उसे नेपाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उसकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। प्रिंस के पिता फेंकन महतो ने बताया कि 28 अप्रैल को गांव के पप्पू राय के पुत्र नीतीश राय और बीरेंद्र महतो के पुत्र कृष्ण कुमार के साथ बाइक से नेपाल जाने की बात कहकर निकला था। रात तक नहीं लौटने पर खोजबीन की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला। साथ गए दोनों युवक के यहां भी गए, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। फेंकन ने बताया कि ग्रामीणों से एक मई को पता चला कि प्रिंस के साथ गए दोनों युवक कन्हौली स्थित राम गुलाम हाई स्कूल के सामने के एक निजी क्लीनिक में इलाज करवा रहे हैं। वहां जाकर प्रिंस के बारे में पूछताछ की लेकिन दोनों ने संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। इसके बाद कन्हौली थाने में लिखित शिकायत कर आशंका जताई कि नीतीश और कृष्ण ने उनके पुत्र का या तो अपहरण कर लिया है अथवा उसकी हत्या कर दी है। चाकू मारकर हत्या की बात स्वीकारी कन्हौली थानेदार सिंटू कुमार ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने निजी क्लीनिक पहुंचकर नीतीश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बार-बार बयान बदलने के बाद जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो उसने कबूला किया कि प्रिंस की हत्या चाकू गोदकर कर दी गयी है। उसका शव छोटी भांडसर के पास झाड़ियों में छिपाया गया है। इसके बाद पुलिस ने बतायी गयी जगह से प्रिंस का शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नीतीश को चोट कैसे लगी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। दूसरे आरोपी ने खाया जहर, स्थिति गंभीर दूसरे आरोपी कृष्ण कुमार को कम चोट आयी थी। इस वजह से उसे इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। वह घर चला गया। जब उसे पता चला कि पुलिस ने नीतीश को गिरफ्तार कर लिया है और उसने हत्या की बात बता दी है तो गिरफ्तारी के डर से उसने जहर खा लिया। स्थिति बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए नेपाल ले गये। वहां उसकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। परिवार का सबसे छोटा बेटा था प्रिंस प्रिंस चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। घटना के बाद मां शैल देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। लोगों में आक्रोश है। कन्हौली थानेदार ने बताया कि हत्या की वजहों का पता लगाया जा रहा है। एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। दूसरे के बारे में बताया जा रहा है कि वह नेपाल में इलाजरत है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।