UPSC Toppers from UP : IAS UPSC CSE toppers uttar Pradesh hat trick 5 AIR 1 in 25 years यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में यूपी की हैट्रिक, 25 साल में देश को दिए 5 टॉपर, Career Hindi News - Hindustan
Hindi Newsकरियर न्यूज़UPSC Toppers from UP : IAS UPSC CSE toppers uttar Pradesh hat trick 5 AIR 1 in 25 years

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में यूपी की हैट्रिक, 25 साल में देश को दिए 5 टॉपर

UPSC Toppers From Uttar Pradesh : यूपीएससी सिविल सेवा की पिछली 25 परीक्षाओं की बात करें तो यूपी पांच बार देश को टॉपर दे चुका है।

Pankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, प्रमुख संवाददाता, प्रयागराजThu, 24 April 2025 07:44 AM
share Share
Follow Us on
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में यूपी की हैट्रिक, 25 साल में देश को दिए 5 टॉपर

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में यूपी के टॉपर की हैट्रिक लग गई। प्रशासनिक सेवा की देश की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित इस परीक्षा में लगातार तीन वर्षों से यूपी के मेधावी शीर्ष पर हैं। सिविल सेवा की पिछली 25 परीक्षाओं की बात करें तो यूपी पांच बार देश को टॉपर दे चुका है। बात चाहे हैट्रिक की हो या फिर पिछली 25 परीक्षाओं में यूपी के टॉपरों की, बेटियों का ही बोलबाला रहा है। हैट्रिक लगाने वाले तीन टॉपरों में दो और 25 साल के पांच टॉपरों में तीन बेटियां शामिल हैं।

सिविल सेवा परीक्षा 2022 का परिणाम 23 मई 2023 को घोषित हुआ था, इस परीक्षा में ग्रेटर नोएडा की रहने वाली इशिता किशोर ने अखिल भारतीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया था। इस वर्ष टॉप-5 में चार बेटियां शामिल थीं। चौथे स्थान पर प्रयागराज की स्मृति मिश्रा का नाम था। इसके अगले साल यानी 2023 की सिविल सेवा परीक्षा में लखनऊ के आदित्य श्रीवास्तव को देश में पहला स्थान मिला था। इस वर्ष टॉप-5 में तीन लड़के थे जबकि दो बेटियों को स्थान मिला था। अब 2024 की सिविल सेवा परीक्षा में प्रयागराज की शक्ति दुबे ने पूरे देश में अपना परचम लहराया है। इस साल टॉप-5 में तीन बेटियां को स्थान मिला है। 2021 की सिविल सेवा परीक्षा को श्रृति शर्मा ने टॉप किया था, जेएनयू से पढ़ाई करने वाली श्रुति दिल्ली में रहती हैं। टॉपर्स की सूची में उनका नाम दिल्ली से ही दर्ज है पर वह मूलत: यूपी के बिजनौर की रहने वाली हैं।

ये भी पढ़ें:Photos : फूलों की बारिश, आरती... घर लौटीं UPSC टॉपर शक्ति दुबे का शानदार स्वागत

वर्ष 1999 से 2024 तक हुई सिविल सेवा की 25 परीक्षाओं के टॉपरों की बात करें तो इस सूची में यूपी से पांच नाम दर्ज हैं। 1999 की सिविल सेवा परीक्षा में यूपी से सौरभ बाबू टॉपर थे। उन्होंने पहले प्रयास में ही सफलता हासिल की थी। 2008 में यूपी की शुभ्रा सक्सेना टॉपर थीं।

परीक्षा वर्ष टॉपर का नाम स्थान

- 2022 इशिता किशोर ग्रेटर नोएडा

- 2023 आदित्य श्रीवास्तव लखनऊ

- 2024 शक्ति दुबे प्रयागराज

आईआईटी रुड़की से इंजीनियरिंग करने वाली शुभ्रा सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं और नौकरी छोड़कर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की थी। 14 साल के बाद 2022 में इस सूची में इशिता किशोर फिर आदित्य श्रीवास्तव का नाम जुड़ा और अब प्रयागराज की शक्ति दुबे का नाम भी इसमें दर्ज हो गया है।