छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिज़ाज: 17 जिलों में यलो अलर्ट, तेज हवाएं और बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बस्तर, सरगुजा और रायपुर संभाग के 17 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम में आए बदलाव से अधिकतम तापमान में गिरावट है।

छत्तीसगढ़ के मौसम में आए बदलाव से भीषण गर्मी से राहत है। दिनभर धूप के बाद शाम को मौसम में बदलाव हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग ने बस्तर, सरगुजा और रायपुर संभाग के 17 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम में आए बदलाव से अधिकतम तापमान में गिरावट है।
रायपुर मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर जिले, रायपुर संभाग के गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार जिला, बिलासपुर संभाग का पेंड्रा-मरवाही-गौरेला जिला और सरगुजा संभाग के जशपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, आकाशीय बिजली गिरने और मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। यह अलर्ट तीन घंटे यानी शाम 8.30 बजे तक के लिए जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, भरतपुर, कोरिया जिले में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में दिन में सबसे ज्यादा तापमान रायपुर में 38.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान गौरेला-पेंड्रा में 20.8 डिग्री रिकार्ड किया गया है।
द्रोणिका सक्रिय इसलिए बदल रहा मौसम
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबकि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ 4.5 किलोमीटर से लेकर 9.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके साथ ही एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से होकर मध्य प्रदेश, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश और झारखंड से गुजरती हुई उत्तर बांग्लादेश तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं, एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका भी सक्रिय है, जो दक्षिण तेलंगाना से शुरू होकर दक्षिण मन्नार की खाड़ी तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है।
आगामी कुछ दिनों में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबकि आगामी 24 घंटों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। अगले 4 दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। अगले 5 दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर, दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव में आकाश आंशिक मेघमय रहने की संभावना जताई है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
रिपोर्ट: संदीप दीवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।