'...अब जाओ, उन्हें वो दो जो वे चाहते हैं', पाकिस्तान के साथ तनाव के बीच शिखर धवन ने याद किया गीता का ज्ञान
भारत-पाकिस्तान के दरम्यान जारी तनाव के बीच शिखर धवन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर शेयर किया है। उसमें भगवान कृष्ण कुरुक्षेत्र में अर्जुन को उपदेश देते दिख रहे हैं कि शांति के लिए तुम जो कुछ कर सकते थे किए, अब जाओ, उन्हें वो युद्ध दो जिसे वे चाहते हैं।

भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है। इस बीच 'गब्बर' के नाम से चर्चित पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए गीता को उद्धृत किया है कि शांति के जब सारे उपाय असफल हो जाएं तो युद्ध ही रास्ता है। उन्होंने कुरुक्षेत्र के मैदान में अर्जुन को गीता का ज्ञान देते भगवान कृष्ण की तस्वीर पोस्ट की है। उसके साथ लिखा है कि शांति के लिए तुम जो कुछ भी कर सकते थे वो किए। अब उन्हें वो युद्ध दो जो वे चाहते हैं।
शिखर धवन ने जिस पोस्टर को शेयर किया है उसमें भगवान कृष्ण गीता का उपदेश देते दिख रहे हैं। अर्जुन घुटनों के बल बैठे हुए दोनों हाथ जोड़कर उनका मार्गदर्शन ले रहे हैं। बगल में गांडीव पड़ा हुआ है। पोस्टर के ऊपर अंग्रेजी में जो लिखा है, उसका मतलब है, 'आपने वह सब कुछ किया जो आप शांति के लिए कर सकते हैं। अब जाओ उन्हें जो युद्ध चाहिए, वह दे दो।'
धवन ने पोस्टर के साथ कुछ लिखा तो नहीं है लेकिन उनका सीधा सा भाव ये है कि आतंकवाद का प्रायोजक पाकिस्तान शांति की भाषा नहीं समझता। वह अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा तो अब भारत और भारतीय सेनाएं उसे उसकी ही भाषा में जवाब दे रही हैं जिसे वह समझता है।
एक दिन पहले भी उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए भारत के वीर जांबाजों को शुक्रिया कहा था। धवन ने लिखा था, ‘हमारी सीमाओं की इतनी ताकत से रक्षा करने और जम्मू में ड्रोन हमले को रोकने के लिए जांबाजों का सम्मान। भारत मजबूती से खड़ा है। जय हिंद!’
आतंकवाद को स्टेट पॉलिसी के तौर पर इस्तेमाल करने वाले पड़ोसी ने पहलगाम में ऐसी गलती कर दी, जिससे भारत के सब्र का बांध टूट गया। सैलानियों का धर्म पूछ-पूछकर उनकी पत्नी, बच्चों और परिजनों के सामने आतंकियों ने गोली मारी थी। जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान में चल रहे 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया। उसके बाद से ही दोनों देशों में युद्ध जैसी स्थिति है। खासकर रात में मिसाइलों और ड्रोन से हमले हो रहे हैं।