धनबाद में छह लाख लोगों को नहीं मिला पानी, कब तक जारी रहेगा संकट; जल बोर्ड ने बताया
- धनबाद में जल संकट लगातार जारी है। शहर की सभी 19 जलमीनारों से गुरुवार को आपूर्ति बाधित रही। इससे छह लाख से अधिक लोगों को सप्लाई पानी नहीं मिला। 24 घंटे में समस्या का समाधान हो जाएगा।

धनबाद में जल संकट लगातार जारी है। शहर की सभी 19 जलमीनारों से गुरुवार को आपूर्ति बाधित रही। इससे छह लाख से अधिक लोगों को सप्लाई पानी नहीं मिला। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जेई डीएन महतो का कहना है कि शुक्रवार को भी क्षेत्र में आपूर्ति बाधित रहेगी। शनिवार से लोगों को पानी मिलेगा।
बता दें कि तीन जगहों पर मेन राइजिंग पाइप लीक थी। इसमें मुगमा ब्रिज के नीचे और निरसा के सिमपुर में लीकेज पाइप की रिपेयिरंग की गई, लेकिन गोविंदपुर वन काली मंदिर के पास पाइप लीकेज की रिपेयरिंग नहीं हो पायी है। इस कारण शुक्रवार को भी शहर में जलापूर्ति बाधित रहने की संभावना है। विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि मेन राइजिंग पाइप की रिपेयरिंग करने के बाद मैथन से धनबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक रॉ वाटर पहुंचाने में आठ घंटे लगते हैं। पानी ट्रीटमेंट करने में 12 घंटे से अधिक समय लगता है। इसके बाद प्लांट से शहर की सभी जलमीनार तक पानी पहुंचा कर आपूर्ति की जाती है।
सिंदरी में भारी तबाही, 3 दिनों तक रहेगा बिजली संकट
आंधी-बारिश ने शहर में तबाही मचाई है। शहर के विभिन्न हिस्सों में दर्जनों पेड़ गिर गए हैं। पोल-तार पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति चरमरा गया है। बिजली सामान्य होने में तीन-चार दिन लग सकते हैं। शहरपुरा एस के फोर मुख्य सड़क और एल टाइप शहरपुरा बाजार मुख्य सड़क पर पेड गिरने से यातायात बंद हो गया है। आई एम टाइप मोड़ व एल टाइप बिजली घर के पास पेड़ बिजली के तार पर गिरा है। आईएम टाइप 565 हनुमान मंदिर, तालताला मंदिर, कल्याण केन्द्र गेट, जे टाइप 16, डी एल टू 279 के सामने पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर गया है। के थ्री आवासीय कालोनी के 4 नंबर आवास पर पेड़ गिर गया है। घर में रह रहे लोग बाल-बाल बचे। रोहड़ाबांध आर एल कॉलोनी में घर पर पेड गिर गया है। बिजली विभाग शहर के स्थिति का जायजा ले रहा है। जितनी क्षति हुई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले तीन-चार दिन तक बिजली व्यवस्था को बहाल होने में लग जाएंगे।