6 गोलियां लगने से ढेर हुआ मुख्तार अंसारी का शूटर अनुज कन्नौजिया, घर से बम भी मिले
जमशेदपुर के गोविंदपुर में शनिवार की रात 11.45 बजे हुई मुठभेड़ में मारे गए उत्तरप्रदेश के मोस्ट वांटेड और मुख्तार अंसारी गिरोह के शूटर अनुज कन्नौजिया के शव का पोस्टमार्टम रविवार को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में किया गया।

जमशेदपुर के गोविंदपुर में शनिवार की रात 11.45 बजे हुई मुठभेड़ में मारे गए उत्तरप्रदेश के मोस्ट वांटेड और मुख्तार अंसारी गिरोह के शूटर अनुज कन्नौजिया के शव का पोस्टमार्टम रविवार को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में किया गया। उसके शरीर से छह पिलेट निकले हैं। घाव को देखकर लग रहा है, जैसे दूर से मारा गया हो। उसकी पसली, दाहिने कंधे और केहुनी में गोली लगी है।
पोस्टमार्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई, जिसे मानवाधिकार आयोग को भेजा जाएगा। परसूडीह के बारीगोड़ा में रहने वाली उसकी बहन शोभा देवी पोस्टमार्टम हाउस और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस से शव लेकर मऊ रवाना हो गई। शव भेजने का इंतजाम पुलिस ने किया। इधर, पुलिस ने अनुज के चालक राहुल को गिरफ्तार किया है। उसके जरिए ही लोग मिलने आते थे। रविवार तड़के पांच बजे फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। पुलिस को ऐसे कागजात मिले हैं, जिसमें अनुज के जमशेदपुर में कारोबार विस्तार संबंधी जानकारी है।
मोबाइल में मिले नंबर की छानबीन में जुटी पुलिस
चालक के पास से पुलिस ने पासबुक और एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। पासबुक जमशेदपुर के ही बैंक का है। उसके मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जब्त किया है, जिसमें जमशेदपुर यूपी के कई लोगों के नम्बर हैं। पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।
घर में मिले दो बम
पुलिस टीम ने अनुज के घर में मौजूद दो बमों को निष्क्रिय किया। ये बम मुठभेड़ के दौरान अनुज ने पुलिस पर फेंके थे, जो फटे नहीं थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घर चार साल पहले बना था और कुछ महीनों से इसमें अज्ञात लोगों की आवाजाही बढ़ गई थी। यहां अक्सर तेज आवाज में गाने बजते थे और देर रात तक पार्टियां होती थीं। आसपास के लोग परेशान थे, लेकिन किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि यहां कोई कुख्यात अपराधी रह रहा था।
पुलिस ने कहा था सरेंडर करने के लिए
दीवार ऊंची होने के कारण पुलिस ने पहले कार पर चढ़कर अंदर झांकने की कोशिश की, फिर पास की सीढ़ी का इस्तेमाल किया। पुलिस ने अनुज को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने जवाब में फायरिंग शुरू कर दी। पूरे इलाके में गोलियों की गूंज सुनाई देने लगी। इस दौरान पुलिस ने उसके एक साथी को पकड़ लिया और फिर अनुज को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। थोड़ी देर बाद पुलिस ने उसे ढेर कर दिया।
दीवारों पर गोलियों के निशान, लगा रखे थे कैमरे
जहां अनुज रह रहा था, उस घर के अंदर फर्श पर खून के धब्बे नजर आ रहे थे। पुलिस ने उन जगहों को मार्क किया है, जहां अनुज को ढेर किया गया था। आसपास गोलियों के खोखे बिखरे पड़े थे। घर की ऊंची बाउंड्री वाल पर भी गोलियों के निशान थे। बाउंड्री 15 फीट ऊंची थी और अंदर एक छोटा सा कमरा था, जिसमें अनुज ने कार्यालय बना रखा था। घर के चारों ओर लगे छह सीसीटीवी कैमरों को तोड़ा गया। बाउंड्री के अंदर आधी जगह पर बागवानी की गई थी, वहीं कई शराब की बोतलें भी पड़ी थीं। मुठभेड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक गोली पास के लोहे के पाइप को छेदते हुए आर-पार निकल गई थी।