जारंगडीह में दो बाइक की टक्कर में दो महिला व दो बच्चा समेत सात घायल
जारंगडीह-कथारा मुख्य मार्ग में सीसीएल जारंगडीह फिल्टर हाउस के पास दो बाइक के बीच टक्कर में 7 लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक गंभीर...

कथारा, प्रतिनिधि। जारंगडीह-कथारा मुख्य मार्ग में सीसीएल जारंगडीह फिल्टर हाउस के समीप सोमवार को दो बाइक के बीच टक्कर में कुल 7 लोग घायल हो गए। इसमें दो महिलाएं व दो बच्चे शामिल हैं। घायलों में गोमिया के साड़म नैनाटांड़ निवासी मो रिजवान (30 वर्ष), धर्मपत्नी शाहजादी बानो (25 वर्ष) व 7-8 माह का बच्चा एवं गोमिया थाना के समीप किराए के मकान में रहने वाले सुनील पंसारी (32 वर्ष), मां पुष्पा देवी (55 वर्ष) व पुत्र मन्नत कुमार (8 वर्ष) सहित एक राहगीर संतोष यादव (34 वर्ष) शामिल हैं। घटना के बाद पेट्रोलिंग कर रहे बोकारो थर्मल थाना के सअनि पीके भारद्वाज व जवनों ने अपने एवं अन्य गाड़ियों से सभी घायलों को सीसीएल के कथारा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। डॉ मेघ नारायण राम एवं डॉ निशा टोप्पो ने गंभीर रूप से घायल शहजादी बानो का प्राथमिकी उपचार करते हुए बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेफर कर दिया। डॉक्टर के अनुसार शहजादी बानो का हेड इंजरी होने के कारण उसकी स्थिति काफी चिंताजनक बनी पड़ी है। वहीं मन्नत कुमार के सिर पर दो टाके लगे हैं जबकि बाकी अन्य के शरीर पर मामूली चोट आई है।
पुलिस द्वारा दोनों बाइक को जब्त कर घटना की जांच की जा रही। जानकारी के अनुसार मो रिजवान अपनी धर्मपत्नी के साथ अपने बच्चे को लेकर फुसरो डॉक्टर को दिखाने जा रहे थे। इसी दौरान गोमिया से सुनील पंसारी भी अपने बेटे और मां को लेकर जरीडीह बाजार स्थित अपने परिजन के यहां श्राद्धक्रम में जा रहे थे, इसी बीच यह घटना घटी। इसके अलावा रास्ते के बगल से जा रहे संतोष यादव भी सड़क दुर्घटना की चपेट में आ गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।