देवघर-गोड्डा व देवघर-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन आज से
देवघर से यात्रियों की सुविधा के लिए शनिवार से देवघर-गोड्डा और देवघर-भागलपुर पैसेंजर ट्रेनें शुरू होंगी। भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया है। ये ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों...

देवघर कार्यालय संवाददाता देवघर से यात्रियों की सुविधा के लिए शनिवार से देवघर-गोड्डा सहित देवघर-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन चालू होगी। उक्त आशय की जानकारी भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने दी है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर संबंधित सूचना देते हुए लिख है मोदी जी हैं, तो तुरंत मुमकिन है। इसके लिए सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार भी जताया है। साथ ही सांसद ने यह भी लिखा है कि देवघर में यात्रियों को हो रही असुविधा को देखते हुए मैंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से तुरंत बैद्यनाथधाम-दुर्गापुर पैसेंजर, बैद्यनाथधाम-कियुल पैसेंजर, देवघर-रामपुरहाट भाया बासुकिनाथ-दुमका पैसेंजर, देवघर-गोड्डा भाया हंसडीहा पैसेंजर व देवघर-जमालपुर भाया बांका, भागलपुर पैसेंजर ट्रेन चालू कराने का आग्रह किया। उसी के मद्देनजर रेल मंत्री ने तुरंत निर्णय लेते हुए देवघर-गोड्डा सहित देवघर-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन चालू करने की घोषणा कर दी। ट्रेन नंबर- 03146 देवघर-गोड्डा पैसेंजर 6:30 बजे देवघर से खुलेगी व 8:30 बजे गोड्डा पहुंचेगी। इस क्रम में रास्ते में मोहनपुर, हरलाटांड़, हंसडीहा और पोड़ैयाहाट स्टेशन पर ट्रेन रुकेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर- 03145 गोड्डा-देवघर मेमू स्पेशल गोड्डा से 9 बजे खुलेगी व 11 बजे देवघर पहुंचेगी। यह ट्रेन भी उन सभी स्टेशनों पर रुकेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर- 03147 देवघर-भागलपुर मेमू स्पेशल ट्रेन 11:30 बजे देवघर से खुलेगी और 14:50 बजे भागलपुर पहुंचेगी। रास्ते में चांदन, कटोरिया, करझौंसा, बांका, मुरहारा, बाराहाट, धौनी और टिकानी स्टेशन में ट्रेन रुकेगी। जबकि ट्रेन नंबर- 03148 भागलपुर-देवघर मेमू स्पेशल 15:30 बजे भागलपुर से खुलेगी और 19:30 बजे देवघर पहुंचेगी। यह ट्रेन भी रास्ते में उक्त सभी स्टेशनों पर रुकेगी।
शहर के गुंडागर्दी, छीनछोर व जाम से मुक्ति : डॉ. निशिकांत
भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी जी के सपनों का देवघर अन्तर्राजीय बस अड्डा शुक्रवार से चालू हो गया। संतालपरगना का यह खूबसूरत बस स्टैंड सभी को देखना चाहिए। उन्होंने कहा है कि शहर के गुंडागर्दी, छीनछोर व जाम से मुक्ति। सांसद ने घोषणा की है कि देवघर के नए बस अड्डे से इसी महीने अयोध्या के लिए वातानुकूलित बस शुरू होगी। उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने उनके आग्रह को स्वीकार किया। अब रोज़ गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के यात्री प्रभु श्रीराम का दर्शन करने अयोध्या जाएंगे। साथ ही सांसद ने यह भी जानकारी दी है कि बिहार सरकार, मध्य प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश सरकार से उन्होंने अनुरोध किया है कि सरकारी बस सेवा गया, जमुई, पुर्णिया, भागलपुर, मैहर, चित्रकूट, प्रयागराज, सतना, सहरसा, दरभंगा के लिए देवघर के नये बस अड्डे से करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।