Court Declares Rinku Singh Fugitive in Neeraj Singh Murder Case नीरज हत्याकांड में मुन्ना बजरंगी का शूटर रिंकू सिंह फरार घोषित , Dhanbad Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsDhanbad NewsCourt Declares Rinku Singh Fugitive in Neeraj Singh Murder Case

नीरज हत्याकांड में मुन्ना बजरंगी का शूटर रिंकू सिंह फरार घोषित

धनबाद में पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या में शूटरों को भेजने के आरोपी रिंकू सिंह को अदालत ने फरार घोषित किया। रिंकू सिंह 23 जनवरी 2023 को जमानत पर बाहर आया था, लेकिन अदालत की तारीखों पर हाजिर...

Newswrap हिन्दुस्तान, धनबादFri, 9 May 2025 05:11 AM
share Share
Follow Us on
नीरज हत्याकांड में मुन्ना बजरंगी का शूटर रिंकू सिंह फरार घोषित

धनबाद, प्रतिनिधि पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह सहित चार लोगों की हत्या में शूटरों को धनबाद भेजने के आरोपी मुन्ना बजरंगी का खास रिंकू सिंह उर्फ विकास सिंह उर्फ धर्मेंद्र प्रताप सिंह को कोर्ट ने फरार घोषित कर दिया। एमपी एमएलए मामलों के विशेष न्यायाधीश दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत ने आरोपी रिंकू सिंह को फरार घोषित करते हुए फरारी अवस्था में साक्ष्य चलाने का निर्देश दिया। अदालत में रिंकू सिंह के खिलाफ अलग से ट्रायल चल रहा है। रिंकू जमानत पर जेल से 23 जनवरी 2023 को बाहर निकला था। जमानत मिलने के बाद से रिंकू सिंह लगातार अदालत की निर्धारित तारीखों पर हाजिर नहीं हो रहा था, जिस कारण अदालत ने उसका बंध पत्र 21 दिसंबर 2023 को खारिज करते हुए उसे गिरफ्तार करने का आदेश दिया था।

इससे ठीक पहले तीन दिसंबर 2023 को धनबाद जेल में हुई यूपी के आंबेडकर नगर के राजे सुल्तानपुर निवासी गैंगस्टर अमन सिंह की हत्या की साजिश रचने में भी रिंकू सिंह की संलिप्तता सामने आई है। गिरफ्तारी का वारंट जारी होने के बाद भी रिंकू सिंह के आत्मसमर्पण न करने तथा गिरफ्तार न होने की स्थिति में अदालत ने पुलिस से रिंकू की गिरफ्तारी के संबंध में रिपोर्ट तलब की थी। सरायढेला थाना की पुलिस आरोपी रिंकू सिंह की तलाश में उसके पैतृक आवास उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पहुंची। उसके पिता तथा उस क्षेत्र के वार्ड पार्षद से पूछताछ कर अदालत को अपनी रिपोर्ट सौंपी। पुलिस की ओर से दाखिल रिपोर्ट में कहा गया है कि रिंकू सिंह के पिता ने पूछताछ के दौरान बताया कि रिंकू सिंह पिछले 15-16 वर्षों से घर नहीं आया है। क्षेत्र के वार्ड पार्षद ने भी पुलिस को लिखित रूप में यही जानकारी दी है। पुलिस रिपोर्ट को आधार बनाकर अदालत रिंकू सिंह को फरार घोषित कर दिया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।