धनबाद के 44 सरकारी स्कूलों के विकास पर फोकस
धनबाद के तीन सरकारी स्कूलों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में अपग्रेड किया गया है। अब 17 प्रखंड स्तर के मॉडल स्कूलों को सीबीएसई से मान्यता मिलने की संभावना है। झारखंड शिक्षा परियोजना का फोकस...

धनबाद, मुख्य संवाददाता धनबाद के तीन सरकारी स्कूलों के मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में अपग्रेड होने के बाद अब अन्य स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं मिलने पर नजरें टिकी हैं। आनेवाले समय में 17 प्रखंड स्तरीय मॉडल स्कूलों को सीबीएसई से मान्यता मिलने की संभावना है। स्कूलों ने सीबीएसई के सरस पोर्टल पर आवेदन कर दिया है। इन स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं की बढ़ोतरी की कवायद शुरू हो गई है ताकि सीबीएसई की सम्बद्धता के लिए टीम दौरे के पहले आवश्यक सुविधाएं धरातल पर हो।
जानकारों की मानें तो झारखंड शिक्षा परियोजना धनबाद का फोकस जिले के 44 विद्यालयों पर है। इनमें तीन उत्कृष्ट विद्यालय, 17 प्रखंड स्तरीय आदर्श विद्यालय, 14 पीएमश्री (प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया) विद्यालय व 10 आवासीय विद्यालय शामिल हैं। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय समेत अन्य आवासीय विद्यालयों को भी डीएमएफटी मद से विभिन्न सुविधाओं उपलब्ध कराने की कवायद चल रही है। विभिन्न निर्माण कार्य चल रहे हैं। महत्वपूर्ण यह है कि पीएमश्री स्कूलों के लिए चयनित 14 विद्यालयों को विभिन्न सुविधाओं के लिए फंड मिलना शुरू हो गया है। स्कूलों के खाते में सीधे पैसा मिलना शुरू हो गया है। वहीं दूसरी ओर चालू वित्तीय वर्ष के लिए धनबाद से नौ स्कूलों की अनुशंसा राज्य मुख्यालय व केंद्र सरकार से की गई है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद धनबाद में विशिष्ट विद्यालयों की संख्या बढ़ने की संभावना है। विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक प्रखंड में दो-तीन सरकारी स्कूल आधुनिक सुविधाओं से लैस हों ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।