धनबाद-पटना इंटरसिटी 10 जुलाई से चलेगी एलएचबी बोगियों से
धनबाद से खुलने वाली तीन ट्रेनों में एलएचबी कोच जोड़े जाएंगे। धनबाद-पटना, धनबाद-रांची और धनबाद-सासाराम इंटरसिटी में पारंपरिक बोगियों को हटाकर नई एलएचबी बोगियां लगाई जाएंगी। 10 जुलाई से धनबाद-पटना में,...

धनबाद, मुख्य संवाददाता धनबाद से खुलने वाली तीन ट्रेनों की जून अंत और जुलाई के दूसरे सप्ताह तक दिन बहुरने वाले हैं। धनबाद-पटना-धनबाद इंटरसिटी, धनबाद-रांची-धनबाद इंटरसिटी और धनबाद-सासाराम इंटरसिटी में पारंपरिक बोगियों को हटा कर एलएचबी कोच जोड़े जाएंगे। 10 जुलाई से धनबाद-पटना इंटरसिटी में धनबाद से और 11 जुलाई से पटना से एलएचबी बोगियां जोड़ी जाएंगी।
13303-13304 धनबाद-रांची-धनबाद इंटरसिटी धनबाद से 25 जून और रांची से 26 जून से एलएचबी बोगियां जोड़ी जाएंगी। इसी तरह धनबाद होकर चलने वाली 13319-13320 रांची-दुमका-रांची इंटरसिटी में 25 जून से रांची और 26 जून से दुमका से तथा 13305-13306 धनबाद-सासाराम-धनबाद इंटरसिटी में एक जुलाई से धनबाद से और उसी दिन सासाराम से एलएचबी बोगी लगेगी। सासाराम इंटरसिटी में एक जनरल बोगी घटेगी। ट्रेन 18 की जगह 17 बोगियों से ही चलेगी।
---
दिन की ट्रेन को स्लीपर बोगियों से नहीं मिली मुक्ति
13331-13332 धनबाद-पटना-धनबाद इंटरसिटी दिन में ही दोनों ओर से चलती है, लेकिन इस ट्रेन को स्लीपर बोगियों से मुक्ति नहीं मिल सकी। 10 और 11 जुलाई से दोनों ओर से ट्रेन में एलएचबी बोगियां जोड़ी जाएंगी। हालांकि ट्रेन में दिन का सफर होने के बावजूद शयनयान ही रहेंगे। इंटरसिटी की तरह चेयरकार की बोगियां नहीं जोड़ी जाएंगी। ट्रेन में अभी सात जनरल और सात स्लीपर बोगी के अलावा तीन थर्ड एसी और एक सेकंड एसी तथा दो एसएलआर बोगियां हैं। नई संरचना के अनुसार ट्रेन में छह जनरल और छह स्लीपर बोगियां जोड़ी जाएंगी। यानी एक-एक जनरल और स्लीपर बोगी कम होगी, जबकि थर्ड एसी तीन की बजाय चार और सेकंड एसी बोगी बढ़ कर एक की जगह दो हो जाएंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।