24 घंटे में दुमका में सबसे अधिक बारिश, धनबाद दूसरे नंबर पर
धनबाद में गुरुवार की शाम बारिश और ओले ने गर्मी से राहत दी। आंधी-बारिश से मौसम में बदलाव आया, जिससे ठंडी हवाएं चलीं। दुमका में 94 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि धनबाद में 68 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम...

धनबाद, प्रमुख संवाददाता। धनबाद में गुरुवार की शाम झमाझम बारिश और साथ में गिरे ओले ने गर्मी में सर्दी का अहसास करा दिया। देर शाम आई आंधी-बारिश की वजह से मौसम बदल गया। ठंडी हवाओं ने सिहरन बढ़ा दी। बीते 24 घंटे में झारखंड के दुमका में सर्वाधिक 94 मिलीमीटर बारिश हुई। 68 मिलीमीटर बारिश के साथ धनबाद दूसरे नंबर पर रहा। मौसम विभाग ने यह आंकड़ा शुक्रवार को जारी किया। बारिश के साथ तेज आंधी ने शहर को अस्त-व्यस्त कर दिया। गुरुवार की शाम चार बजे अचानक अंधेरा छा गया। तेज हवाएं चलने लगीं। पेड़ की टहनियां टूटकर सड़कों पर बिखर गईं।
तेज हवाओं ने काफी नुकसान पहुंचाया। हाउसिंग कॉलोनी में तेज हवाओं की चपेट में आकर बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे रास्ता बंद हो गया। शहर में भी आंधी-बारिश की वजह से कई जगहों पर जलजमाव हो गया। गया पुल के नीचे पानी भरने से बाइक सवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार छह मई तक धनबाद में बारिश होगी। बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री के आसपास रहेगा। गर्मी से परेशान लोगों पर अभी मौसम मेहरबान रहेगा। इस हफ्ते गर्मी नहीं पड़ेगी। सात मई के बाद धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी और तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।