four girls died in Garhwa of Jharkhand while bathing in a pond तालाब में नहाने के दौरान झारखंड में हादसा, चार लड़कियों की मौत; आई थीं छठ कार्यक्रम में शामिल होने, Jharkhand Hindi News - Hindustan
Hindi Newsझारखंड न्यूज़four girls died in Garhwa of Jharkhand while bathing in a pond

तालाब में नहाने के दौरान झारखंड में हादसा, चार लड़कियों की मौत; आई थीं छठ कार्यक्रम में शामिल होने

  • चारों लड़कियां और एक लड़का हरैया गांव में स्थित तालाब में नहाने के लिए गए थे, इसी दौरान एक-एक कर सभी लोग गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इसी बीच मीठी का भाई तो किसी तरह बचकर पानी से बाहर निकल आया।

Sourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, गढ़वा, झारखंडFri, 11 April 2025 04:51 PM
share Share
Follow Us on
तालाब में नहाने के दौरान झारखंड में हादसा, चार लड़कियों की मौत; आई थीं छठ कार्यक्रम में शामिल होने

झारखंड के गढ़वा जिले में शुक्रवार को एक बेहद दुखद हादसा सामने आया, जहां तालाब में डूबने से चार लड़कियों की मौत हो गई। चारों बच्चियां नहाने के लिए पानी में उतरी थीं, इसी दौरान यह हादसा हो गया। मृत बच्चियों की उम्र 10, 18, 18 और 22 साल है। यह घटना जिले के हरैया गांव के नदी आराटोला तालाब में हुई। चार में से दो मृतक छठी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आई थीं। घटना के बाद बच्चियों को पानी से निकालकर सदर अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टर्स ने सभी को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।

स्थानीय प्रशासन ने मृतक बच्चियों की जानकारी देते हुए कहा कि हादसे में हरैया गांव की रहने वाली चंदन सिंह की 10 साल की बेटी लाडो सिंह, उसी गांव के जितेंद्र सिंह की 22 वर्षीया बेटी अंकिता सिंह, पलामू जिले के पांकी थानांतर्गत पगार गांव निवासी विशिष्ट सिंह की 18 वर्षीय बेटी रोमा सिंह और लेस्लीगंज थाना के पूर्णाडीह गांव निवासी विशिष्ट सिंह की 18 वर्षीय बेटी मीठी सिंह ने जान गंवा दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रोमा सिंह और मीठी सिंह अपने रिश्तेदार के घर छठी के कार्यक्रम में आई थीं। शुक्रवार को सभी लड़कियां और मीठी का भाई हरैया गांव में स्थित तालाब में नहाने के लिए गए थे, और इसी दौरान एक-एक कर चारों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इसी बीच मीठी का भाई तो किसी तरह बचकर पानी से बाहर निकल आया, लेकिन बाकी बच्चियां बाहर नहीं आ सकीं। इसके बाद उसने घर पहुंचकर लोगों को इस घटना की जानकारी दी।

पता लगने पर गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और चारों लड़कियां पानी में डूब चुकी थीं। इसके बाद लोगों ने बच्चियों को पानी से बाहर निकाला और उन्हें सदर अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर्स ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, एसडीओ संजय कुमार और थाना प्रभारी बृज कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उधर पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।