सांसद निशिकांत को बर्खास्त नहीं करने पर आंदोलन करेगी झामुमो: शरीफ
झामुमो ने भारतीय जनता पार्टी पर अव्यवस्था और भय का माहौल बनाने का आरोप लगाया है। पार्टी ने सांसद निशिकांत दूबे की सर्वोच्च न्यायालय के जज के खिलाफ की गई टिप्पणी पर सवाल उठाया है। झामुमो ने चेतावनी दी...

गढ़वा, प्रतिनिधि। भारतीय जनता पार्टी राज्य में अव्यवस्था और भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। संविधान के नाम पर संवैधानिक संस्थापक पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर भारतीय संविधान विरोधी चाल-चरित्र उजागर कर रही है। भाजपा के नेता बाबूलाल मरांडी से झामुमो जानना चाहती है कि गोड्डा के सांसद निशिकांत दूबे द्वारा सर्वोच्च न्यायालय के जज के खिलाफ की गई टिप्पणी किस संविधान के अनुरूप है। अगर भारतीय संविधान के अनुरूप नहीं है तो भारतीय जनता पार्टी लोकसभा सदस्यता से उन्हें अभी तक बर्खास्त क्यों नहीं किया। अगर इन्हें लोकसभा सदस्यता से बर्खास्त नहीं किया जाता है तो उसके विरोध में झामुमो राज्यभर में उग्र आंदोलन करेगी। विज्ञप्ति जारी कर झामुमो के जिला सचिव शरीफ अंसारी ने यह कही।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता भारतीय संविधान को हाथ में लेकर चल रहे हैं। उन्हें बताना चाहूंगा कि बाबा साहब डॉ भीम राव आंबेडकर द्वारा बनाए गये संविधान का विरोध सर्वप्रथम भाजपा की मदर संगठन आरएसएस ने ही किया था। संगठन देश में मनुस्मृति लागू करना चाहता था। सत्ता के लिए भाजपा आम जनता को भ्रमित कर रही है। भाजपा नेता भारतीय संविधान मानने का ढोंग कर रहे हैं। सचाई यह है कि भाजपा के शीर्ष नेताओं के द्वारा सांसद निशिकांत से बयान दिलवाया गया। उसे आम जनता भली-भांति जानती व समझती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश में हिंदू-मुस्लिम, अगड़ा-पिछड़ा, जात-धर्म के नाम पर जनता को बांटकर सत्ता में बने रहना चाहती है। यह देश हित में उचित नहीं है। झामुमो भारतीय जनता पार्टी का विकृत मानसिकता की घोर निंदा करती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।