पुगु में सरहुल महोत्सव की धूम, प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प
गुमला के पुगु पंचायत में शनिवार को सरहुल महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। पूजा-अर्चना के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पाहन पुजार ने सुख-समृद्धि की कामना की और पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया।...

गुमला, संवाददाता। जिला मुख्यालय से सटे पुगु पंचायत में शनिवार को सरहुल महोत्सव हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पाहन पुजार महतो और सुसार द्वारा चाला टोंका में पूजा-अर्चना से हुई। पाहन ने सुख-समृद्धि, वर्षा और सभी जीव-जंतुओं के कल्याण की कामना की। मौके पर बुदू टोप्पो ने अतिथियों और नृत्य समूहों का स्वागत करते हुए सरहुल पर्व की महत्ता पर प्रकाश डाला। डॉ.तेतरू उरांव ने बताया कि सरहुल प्रकृति और पृथ्वी के विवाह का प्रतीक पर्व है। जिसमें पुराने पत्तों का त्याग कर धरती नवजीवन धारण करती है। पर्व के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और सभी नृत्य समूहों को झंडा भेंटकर सम्मानित किया गया। तेजपाल उरांव ने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को एक पेड़ लगाकर तीन साल सेवा करने का संकल्प लेना चाहिए। मौके पर वार्ड सदस्य छोटू उरांव, सोनी उरांव, बिरसई उरांव, धेमू उरांव सहित सैकड़ों ग्रामीण महिला-पुरुषों की उपस्थिति रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।