24 लाख से होगा एसएफसी गोदामों का आधुनिकीकरण
पूर्वी सिंहभूम के राज्य खाद्य निगम के गोदामों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। निगम मुख्यालय ने 24 लाख रुपये का आवंटन किया है, जिससे गोदामों में कंप्यूटर, लैपटॉप और सीसीटीवी कैमरे खरीदे जाएंगे। इससे कामकाज...

पूर्वी सिंहभूम के राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) के गोदामों का आधुनिकीकरण होगा। निगम मुख्यालय ने पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रबंधक (डीएम) सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) को 24 लाख का आवंटन जारी किया है। इसी राशि से गोदामों के आधुनिकीकरण के कई कार्य कराए जाने हैं। इस पैसे से गोदामों में कंप्यूटर या लैपटॉप की खरीद होगी, ताकि एसएफसी को डिजिटाइज किया जा सके। कंप्यूटर या लैपटॉप रहने से डाटा इंट्री का काम अब डिजिटल तरीके से हो सकेगा। अभी तक पुराने जमाने के हिसाब से रजिस्टर में आगत-निर्गत पंजी लिखा जा रहा है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे भी लगाये जाने हैं। कैमरे लगाये जाने से कामकाज में पारदर्शिता आयेगी। यही नहीं, खाद्यान्न किस तारीख को कितने बोरा आया और किस तारीख को कितना बोरा निकला, इसका पता आसानी से लगाया जा सकेगा। सीसीटीवी लग जाने से नाहक किसी को आरोप लगाने का भी मौका नहीं मिलेगा। और अगर आरोप लगा भी तो आसानी से इसकी जांच की जा सकेगी। दरअसल यह एक ऐसा विभाग है, जहां की शिकायतें बहुत हैं। जिले में निगम के दो दर्जन से अधिक गोदाम हैं। इसमें ढाई सौ मीट्रिक टन से लेकर दो हजार मीट्रिक टन के गोदाम शामिल हैं। इनमें से कई गोदामों की स्थिति जर्जर हो चुकी है। इसकी मरम्मत का भी भवन निर्माण विभाग ने टेंडर निकाला है।
जेम पोर्टल से होगा आपूर्तिकर्ता का चयन
एसएफसी की ओर से कंप्यूटर या लैपटॉप और सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य सामानों की खरीद जेम पोर्टल से होगी। ऐसा होने से टेंडर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जेम पोर्टल में जो आपूर्तिकर्ता निबंधित हैं, वे इसमें हिस्सा ले सकते हैं। चूंकि जेम पोर्टल के सामानों के रेट मान्य होते हैं इसलिए अधिक झंझट नहीं है।
एसएफसी से गोदामों के आधुनिकीकरण को लेकर 24 लाख का आवंटन मिला है। जल्द ही जेम पोर्टल पर इसके लिए टेंडर डाला जाएगा।
-सलमान जफर खिजरी, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, पूर्वी सिंहभूम
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।