'परिवार कल्याण पर सिमटा JMM का अधिवेशन', हेमंत सोरेन को अध्यक्ष बनाने पर BJP का रिएक्शन
- झारखंड में जेएमएम का महाधिवेशन संपन्न हो गया। इसमें सीएम हेमंत सोरेन का जेएमएम का अध्यक्ष बनाया गया है। इस मामले पर अब भारतीय जनता पार्टी का रिएक्शन सामने आया है। आइए जानते हैं बीजेपी ने क्या कहा है।

झारखंड में जेएमएम का महाधिवेशन संपन्न हो गया। इसमें सीएम हेमंत सोरेन का जेएमएम का अध्यक्ष बनाया गया है। इस मामले पर अब भारतीय जनता पार्टी का रिएक्शन सामने आया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झामुमो के महाधिवेशन पर कहा है कि इसमें झारखंड कल्याण को छोड़ सिर्फ परिवार कल्याण पर अमल किया गया। भाजपा लंबे समय से कह रही थी कि झामुमो का अगला अध्यक्ष भी सोरेन परिवार से ही होगा और हुआ भी वही।
मुख्यमंत्री के पास बेहतर अवसर था कि वह अपने दल के किसी समर्पित वरिष्ठ कार्यकर्ता को अध्यक्ष बनाते। लेकिन मुख्यमंत्री पद की बड़ी जिम्मेवारी होने के बावजूद भी उन्होंने किसी पर विश्वास करना उचित नहीं समझा। प्रतुल ने कहा कि परिवारवादी पार्टियों में यही होता है अध्यक्ष समेत तमाम प्रमुख पदों पर परिवार के ही सदस्यों को बैठाया जाता है।
झामुमो के लिए गरीब मुसलमानों का कोई अर्थ नहीं: प्रतुल ने कहा वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर झामुमो ने स्पष्ट कर दिया कि उसके लिए उन गरीब मुसलमान का कोई अर्थ नहीं है, जिन्हें इस कानून से शक्तियां मिल रही हैं। प्रतुल ने कहा कि पूरे राज्य में विधि व्यवस्था ध्वस्त है। विभागों में भ्रष्टाचार व्याप्त है। पर इन बड़े मुद्दों पर महाधिवेशन में चर्चा नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।