पेड़ टूटे,सड़क जाम,बिजली गुल;रांची में आफत बनकर बरसी बारिश,मचाया उत्पात
झारखंड की राजधानी रांची में आज फिर आसमान से बारिश आफत बनकर आई। कई जगह पेड़ उखड़ गए तो वहीं सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। इस कुदरती आफत में एक व्यक्ति के मौत की भी खबर है। जोरदार बारिश के बाद जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

झारखंड की राजधानी रांची में आज फिर आसमान से बारिश आफत बनकर आई। कई जगह पेड़ उखड़ गए तो वहीं सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। इस कुदरती आफत में एक व्यक्ति के मौत की भी खबर है। जोरदार बारिश के बाद जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई जगह बिजली भी गिरी हैं। दो व्यक्तियों के भी घायल होने की खबर है। दोनों को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है।
कहां कितना नुकसान?
राजधानी रांची में मंगलवार को हुई बारिश के बीच जिले में जगह-जगह वज्रपात की भी घटनाएं हुई हैं। तेज हवा के कारण शहर में कई स्थानों पर पेड़ टूटकर और उखड़कर सड़कों पर धराशायी हो गए। कई स्थानों पर जाम के भी हालात पैदा हो गए। शहर के हृदय स्थल माने जाने अलबर्ट एक्का चौक के पास भी भीषण जाम लग गया। रांची के कोकर इंडस्ट्रीयल एरिया के पास एक विशालकाय पेड़ के गिरने से एक वेंडर का सिर फट गया। वहीं, पेड़ के पास खड़े एक रिक्शा चालक के पैर में फ्रैक्चर की खबर है।
दोनों घायलों को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान में ले जाया गया है। जगह-जगह बिजली के तार पर पेड़ के गिरने से विद्युत आपूर्ति पर भी असर पड़ा है। राज्य में भीषण वज्रपात की घटना में एक मौत की भी खबर है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की मानें तो रांची में कल यानी 21 मई को भी मौसम ऐसा ही रहेगा। अधिकतम तापमान 34 डिग्री तो वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री पर रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश के भी संकेत हैं। मौसम विभाग ने 22, 23 और 24 मई को भी कमोबेश ऐसे ही मौसम की और उम्मीद जताई है। 25 मई से मौसम साफ हो जाएगा।