झारखंड में अगले दो दिन ओलावृष्टि और आंधी के आसार; ऑरेंज अलर्ट जारी- जानिए लोकेशन
- मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार के दिन रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।

झारखंड का मौसम आगे भी ठंडा रहने वाला है। राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में सोमवार से अगले 2 दिन तक ओलावृष्टि व आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कहीं-कहीं वज्रपात के भी आसार जताए गए हैं। इस दौरान बारिश भी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार के दिन रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस अलर्ट के साथ मौसम विभाग ने खराब मौसम से बचने के लिए जरूरी एडवाइजरी भी जारी की है। ताकि लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।
बिहार के मध्य भाग से लेकर ओडिशा के तटवर्ती इलाकों तक निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इससे झारखंड में बादल छाएंगे। 14 और 15 अप्रैल को रांची समेत राज्य के सभी हिस्सों और 16 से 18 अप्रैल तक पलामू, गढ़वा, गुमला, चतरा, लातेहार, लोहरदगा को छोड़कर शेष भाग में हल्के बादल छाए रहेंगे।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान रांची में 8.8 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि राज्य में सबसे अधिक गोड्डा में 26.0 बारिश हुई। जबकि देवघर, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, जमशेदपुर, गढ़वा और लातेहार आदि जिलों में हल्की बारिश हुई। इससे मौसम में ठंडक बरकरार है।
मौसम बदलाव के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान रांची का अधिकतम तापमान तीन डिग्री तक नीचे गिर गया। यह 32.1 डिग्री रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री रहा। राज्य के अन्य जिलों के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। रांची समेत विभिन्न जिलों के अधिकतम तापमान सामान्य औसत से नीचे हैं। मौसम विभाग के अनुसार रांची का तापमान अगले चार दिनों के दौरान 20.0 डिग्री से लेकर 35.0 डिग्री या इससे नीचे रहने का अनुमान है।